Uttar Pradeshराज्य

राजभर की पार्टी की 32 सीटों पर दावेदारी, आजमगढ़ में सपा के गढ़ पर सेंध की तैयारी, क्या बिगड़ेगा MY समीकरण?

UP News : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. अलग- अलग दलों में बैठकों और बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है. इसी क्रम में एनडीए के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) ने भी 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं.

सुभासपा ने एनडीए गठबंधन के भीतर उत्तर प्रदेश में 32 सीटों पर अपनी हिस्सेदारी की मांग रखी है. पार्टी की नजर समाजवादी पार्टी (SP) के प्रभाव वाले क्षेत्र आजमगढ़ पर भी बताई जा रही है.

संगठन को मजबूत करने में जुटी सुभासपा

सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर ने कहा कि पार्टी जमीनी स्तर पर सक्रिय है और संगठन को मजबूत कर रही है, उन्होंने बताया कि एनडीए में 32 सीटों को लेकर पार्टी ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का लक्ष्य आजमगढ़ जैसे क्षेत्रों में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना है.

वहीं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि एनडीए में सभी नीतिगत और चुनावी विषयों पर सहयोगी दलों के साथ विचार-विमर्श के बाद ही निर्णय लिया जाता है, उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के समय सीटों के बंटवारे पर एनडीए नेतृत्व सुभासपा के साथ चर्चा कर आपसी सहमति से फैसला करेगा.

2022 के चुनाव और गठबंधन का जिक्र

इस बीच अरुण राजभर ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में जो सफलता मिली थी, उसमें सुभासपा की भूमिका महत्वपूर्ण रही थी.

2022 के विधानसभा चुनाव में सुभासपा ने सपा के साथ गठबंधन में 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से 6 सीटों पर जीत हासिल हुई थी. चुनाव परिणाम के कुछ समय बाद ही ओमप्रकाश राजभर ने सपा से गठबंधन समाप्त कर एनडीए में वापसी की थी.

2017 चुनाव और सुभासपा का प्रदर्शन

इस बार पार्टी की रणनीति में आजमगढ़ क्षेत्र पर विशेष ध्यान देखा जा रहा है. इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन के तहत सुभासपा को 8 सीटें मिली थीं, जिनमें से पार्टी प्रमुख ओमप्रकाश राजभर सहित चार उम्मीदवार विजयी रहे थे.

ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरुण राजभर ने यह भी कहा कि इस बार पूर्वी उत्तर प्रदेश में सपा को राजनीतिक रूप से चुनौती दी जाएगी. वहीं ओमप्रकाश राजभर, जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री हैं, 2027 के चुनावों से पहले लगातार समाजवादी पार्टी नेतृत्व पर हमलावर बने हुए हैं.

ये भी पढ़ें- हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए इन ड्राई फ्रूट्स को डाइट में शामिल करें, डिटेल में पढ़ें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button