Biharक्राइमराज्य

‘सरकारी राशन’ ने ली पत्नी की जान, प्रेम विवाह के छह साल बाद पति बना हैवान

Bihar Crime News : बिहार के औरंगाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां कुटुंबा थाना क्षेत्र के दधपा गांव में एक पति ने मामूली विवाद में अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। कभी जिन दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं, वहां राशन लाने जैसी छोटी सी बात को लेकर हुए विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। पुलिस ने मृतका चंचला देवी (25) के शव को कब्जे में ले लिया है और फरार आरोपी पति सनोज मेहता की तलाश में छापेमारी कर रही है।

PDS का राशन बना हत्या की वजह

मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे खूनी खेल की वजह सरकारी राशन को लेकर हुआ विवाद था। आरोपी सनोज के पिता पहले उसके साथ ही रहते थे और उनका नाम भी सनोज के राशन कार्ड में दर्ज था। लेकिन कुछ समय पहले पिता अपने बड़े बेटे के साथ रहने चले गए। इसके बाद यह सहमति बनी कि दोनों भाई हर महीने बारी-बारी से राशन उठाएंगे। मई महीने का राशन सनोज लाया था, इसलिए इस बार (जून महीने में) उसने राशन लाने से मना कर दिया। जब पत्नी चंचला ने उस पर राशन लाने का दबाव बनाया, तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते बात हत्या तक पहुंच गई।

गुस्से में हैवानबना पति, रॉड से किए ताबड़तोड़ वार

विवाद के दौरान सनोज आपा खो बैठा। उसने घर में रखी लोहे की भारी रॉड उठाई और चंचला के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। वार इतना घातक था कि चंचला के सिर पर गहरा घाव हो गया और अत्यधिक खून बहने लगा। जब चंचला लहूलुहान होकर गिर पड़ी, तो सनोज उसे अस्पताल ले जाने के बजाय मौके से चुपचाप फरार हो गया। चूंकि दोनों के बीच अक्सर अनबन होती रहती थी, इसलिए परिवार के अन्य सदस्यों ने कमरे के अंदर जाकर बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की।

कमरे से बाहर आते खून ने खोला वारदात का राज

इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी सनोज की मां ने कमरे के दरवाजे से खून को बाहर बहते देखा। अनहोनी की आशंका में जब परिजन कमरे के भीतर गए, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। चंचला खून से लथपथ बेसुध पड़ी थी। आनन-फानन में उसे औरंगाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

6 साल पुराने लव मैरिजका दर्दनाक अंत

ग्रामीणों के मुताबिक, सनोज और चंचला की प्रेम कहानी छह साल पहले शुरू हुई थी। सनोज अपनी बहन के गांव तेल्हड़ा जाता था, जहां उसकी मुलाकात चंचला से हुई। दोनों को प्यार हुआ और उन्होंने सामाजिक व पारिवारिक बंदिशों को तोड़कर प्रेम विवाह कर लिया था। पेशे से हाइवा चालक सनोज पिछले कुछ समय से घर पर ही था। दोनों की एक दो साल की प्यारी सी बेटी भी है, जिसे अब शायद कभी अपनी मां का आंचल नसीब नहीं होगा।

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही कुटुंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल खून से सनी लोहे की रॉड को जब्त कर लिया है। कुटुंबा के थाना प्रभारी मोहम्मद इमरान आलम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतका के मायके (पोखराही गांव) वालों को सूचित कर दिया गया है और उनके आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आरोपी पति को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

ये भी पढ़ें – ‘वादा करो’ गानें से BJP पर तंज कसने वाली सायोनी घोष ने बदल लिया पाला, TMC में मची हलचल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button