Mukundpur Cylinder Blast : देश की राजधानी दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र के मुकुंदपुर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एक रिहायशी भवन में अचानक हुए तेज विस्फोट के बाद पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना शक्तिशाली था कि कुछ ही सेकंड में मकान मलबे में तब्दील हो गया। आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय कई लोग भवन के अंदर मौजूद थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य के लिए दमकल की कई गाड़ियों को लगाया गया और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया गया।
सिलेंडरों की रीफिलिंग और सप्लाई का काम
स्थानीय लोगों का दावा है कि जिस भवन में विस्फोट हुआ, वहां कथित तौर पर अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रीफिलिंग और सप्लाई का काम किया जाता था। इसके अलावा परिसर में अन्य व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में इन गतिविधियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 9:27 बजे विस्फोट और भवन ढहने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही आपातकालीन टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक छह लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है। उनकी स्थिति को लेकर अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
मामले की गहनता से जांच जारी
हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बचाव दल मलबा हटाकर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कहीं और लोग तो अंदर फंसे नहीं हैं। प्रशासन ने क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें- IPL जीतने के बाद विराट कोहली पत्नी संग पहुंचे वृंदावन, प्रेमानंद महाराज से लिया आशिर्वाद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









