Jharkhandराज्य

झारखंड के रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, एक की हालत नाजुक

Ramgarh Accident : झारखंड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. यह दुर्घटना रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी के पास रामगढ़-बोकारो रोड पर हुई, जहां एक ट्रक और पैसेंजर वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई.

जानकारी के मुताबिक, हादसा रात करीब 12 बजे हुआ. पैसेंजर वाहन में ‘ताशा पार्टी’ के सदस्य सवार थे. टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया.

टक्कर का असर इतना जबरदस्त

पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले कुछ लोग रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमार्चा गांव के रहने वाले थे. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर का असर इतना जबरदस्त था कि पैसेंजर वाहन सड़क पर कई फीट तक घिसटता चला गया. रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अस्पताल में कुल आठ घायलों को लाया गया था, इनमें सात लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखे गए हैं.

अब तक 10 लोगों की जा चुकीहै जान

रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन ने बताया कि शुरुआती जांच में ट्रक के रॉन्ग साइड में आने के बाद पैसेंजर वाहन से टक्कर होने की बात सामने आई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि पिछले चार दिनों के भीतर इसी स्थान पर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है, जिसमें अब तक कुल 10 लोगों की जान जा चुकी है. लोगों का आरोप है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के बावजूद यहां पर्याप्त चेतावनी संकेत और सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं.

हादसे से नाराज मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर जाम लगा दिया. इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि लारी-बरलौंग क्षेत्र लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है, लेकिन सड़क सुरक्षा के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है.

ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button