Digital E-Challan : तेलंगाना सरकार ने ट्रैफिक चालान प्रणाली को अधिक डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव किया है। अब राज्य में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर जारी होने वाले ई-चालान वाहन मालिकों को सीधे SMS, ईमेल और WhatsApp के माध्यम से भेजे जाएंगे। इससे वाहन चालकों को चालान की जानकारी तुरंत उनके मोबाइल या ईमेल पर उपलब्ध हो जाएगी।
जहां लोग यह दावा करते हैं कि…
नई व्यवस्था के तहत ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी किया गया ई-चालान कानूनी रूप से मान्य नोटिस माना जाएगा। यानी किसी भी माध्यम- SMS, WhatsApp या ईमेल- पर प्राप्त संदेश को आधिकारिक सूचना के रूप में स्वीकार किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य उन मामलों को खत्म करना है, जहां लोग यह दावा करते हैं कि उन्हें चालान की जानकारी समय पर नहीं मिली, जिससे भुगतान में देरी होती है।
डिटेल्स को सही रखने की अपील
इस सिस्टम में वाहन मालिकों के लिए अपनी मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी को अपडेट रखना अनिवार्य होगा, जो वाहन पंजीकरण प्रणाली (VAHAN) से जुड़ी रहती है। यदि जानकारी अपडेट नहीं है, तो चालान की सूचना समय पर नहीं मिल पाएगी। इसलिए प्रशासन ने नागरिकों से अपने डिटेल्स को सही रखने की अपील की है।
अतिरिक्त पेनल्टी या कानूनी कार्रवाई
इस पहल का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य ट्रैफिक नियमों के पालन को और सख्त बनाना है। अब डिजिटल नोटिफिकेशन के जरिए लोगों को तुरंत जानकारी मिलेगी, जिससे वे समय पर जुर्माना भर सकेंगे और अतिरिक्त पेनल्टी या कानूनी कार्रवाई से बच पाएंगे।
लिंक भेजकर लोगों से बैंक डिटेल्स
इसके साथ ही पुलिस ने फर्जी ट्रैफिक चालान संदेशों को लेकर भी सावधानी बरतने की चेतावनी दी है। हाल के समय में साइबर ठगी के मामले बढ़े हैं, जहां नकली लिंक भेजकर लोगों से बैंक डिटेल्स और पैसे ऐंठने की कोशिश की जाती है। ऐसे में केवल आधिकारिक पोर्टल और सत्यापित स्रोतों का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है।
सरकार का यह कदम ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक, तेज और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे नागरिकों को समय पर सही जानकारी मिल सकेगी।
ये भी पढ़ें- पंजाब विजिलेंस इन एक्शन मोड, 18,000 रुपये रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









