Biharराज्य

भरत तिवारी एनकाउंटर में हथियार डालने के बाद गोली मारने के आरोप में STF जवान गिरफ्तार

Bihar News : बिहार के भोजपुर जिले में चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. पुलिस ने मामले में आरोपी स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के जवान अक्षय को आरा से गिरफ्तार कर लिया है. भरत तिवारी के परिजनों ने आरोप लगाया था कि आत्मसमर्पण करने और हथियार डालने के बावजूद उस पर गोली चलाई गई थी.

आरा के पुलिस अधीक्षक (SP) राज ने जानकारी दी कि भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में शामिल पुलिसकर्मी अक्षय को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है. यह ऑपरेशन आरा पुलिस और STF ने संयुक्त रूप से चलाया था.

17 जून को हुआ था एनकाउंटर

आपको बता दें कि भरत तिवारी का एनकाउंटर 17 जून को हुआ था. घटना के बाद एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह पुलिस के सामने हथियार डालते हुए दिखाई दिया था. इसके बाद एनकाउंटर को लेकर कई सवाल उठे थे. एफआईआर के अनुसार, घटनास्थल पर पहुंचने के बाद भरत तिवारी ने अपना हथियार फेंककर आत्मसमर्पण कर दिया था. आरोप है कि इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उसे धक्का देकर एक गड्ढे में गिरा दिया और उस पर गोली चला दी.

भरत तिवारी की मां आशा देवी ने दावा किया था कि उनका बेटा इलाके की समस्याओं को फेसबुक लाइव के जरिए लगातार उठाता था, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उसे पांच गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौत हो गई.

पिता को थाने में रखने का भी आरोप

मृतक की मां ने अपने आवेदन में आरोप लगाया था कि भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी को शाहपुर पुलिस ने दो दिनों तक थाने में बंद रखा था. पुलिस ने उनके आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था.

इस मामले की जांच इंस्पेक्टर संजीव कुमार को सौंपी गई है. एनकाउंटर के बाद शाहपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार समेत पांच पुलिसकर्मियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है.

ये भी पढ़ें- अजिंक्य रहाणे ने लिया संन्यास, लेकिन कप्तानी का ये रिकॉर्ड आज तक कोई नहीं तोड़ पाया

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button