Jharkhand: रांची में ट्रांसपोर्ट नगर का रास्ता साफ, 244 सिटी बसों की खरीद का फैसला

रांची: सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सोमवार को हुई झारखंड कैबिनेट की बैठक में 44 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद सीएम की प्रधान सचिव वंदना दादेल ने बताया कि रांची नगर निगम में सिटी बस सेवा को सुदृढ़ किया जाएगा। इसके तहत 605करोड़ रुप्ए की लागत से 244 सिटी बसों की खरीद की जाएगी। इन बसों में नॉन एसी की 220 और एसी इलेक्ट्रिक बस 24 होंगी। इससे राजधानी रांची के शहरी क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था अच्छी हो सकेगी। बसों के परिचालन के लिए 13 रूट निर्धारित होंगे, जहां 200 नए बस स्टॉप बनाए जाएंगे। प्रत्येक बस प्रतिदिन 174 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। बसों के परिचालन में 62 रुपए प्रति किलोमीटर की लागत आएगी, जबकि कुल राजस्व संग्रह करीब 44 करोड़ है। इस प्रकार प्रति किलोमीटर 17 रुपए का घाटा होने का अनुमान है। ऐसे में 10 वर्षों में 247 करोड़ रुपए के घाटा का आकलन किया गया है। बसों का प्रस्तावित किराया 2 किलोमीटर तक 5 रुपए, 2 से 5 किलोमीटर तक 10 रुपए, 5 से 10 किलोमीटर के लिए 15 रुपए और 10 किलोमीटर से अधिक होने पर 20 रुपए निर्धारित किया गया है। प्रत्येक दो वर्षों में 11प्रतिशत किराया में वृद्धि की जाएगी।
रांची में ट्रांसपोर्ट नगर के लिए 657 करोड रुपए की मंजूरी
कैबिनेट की बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव में रांची में ट्रांसपोर्ट नगर के लिए 657.82 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई। वर्तमान में रांची के सुकरहुट्टू में बन रहे ट्रांसपोर्ट नगर के लिए 57.82 करोड़ रुपए की राशि दी गई है। बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
हर घर तक सुविधा पहुंचाने के लिए मोबाइल वेटनरी यूनिट
रांची में दुर्गा सोरेन चौक से रिंग रोड तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 65 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई। जबकि हर घर तक सुविधा पहुंचाने के लिए मोबाइल वेटनरी यूनिट स्थापित करने की योजना है। इस योजना पर 46 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। जिसके तहत 236 मोबाइल वेटनरी यूनिट क्लीनिक का संचालन किया जाएगा। नमामि गंगे योजना के तहत रामगढ़ में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 65 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत की गई।
ये भी पढ़े: IAS राजीव अरुण एक्का ईडी कार्यालय पहुंचे, भाजपा ने लगाए थे गंभीर आरोप