Punjabराज्य

कल्याण राजवाहे की कंक्रीट लाइनिंग से बढ़ेगी नहर की पानी ले जाने की क्षमता

Punjab News : पंजाब के तेजी से घट रहे भूजल को बचाने और सिंचाई के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए एक बड़ी पहल करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 34.51 करोड़ रुपये की लागत से कल्याण राजवाहे की कंक्रीट लाइनिंग परियोजना का शुभारंभ किया. इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत 60.66 किलोमीटर लंबे इस जलमार्ग का नवीनीकरण किया जाएगा, जिससे इसकी नहर पानी ले जाने की क्षमता 10 प्रतिशत बढ़ जाएगी और बरनाला तथा मलेरकोटला के 42 गांवों की 50,819 एकड़ जमीन के लिए सिंचाई सुविधाओं में सुधार सुनिश्चित होगा. अक्टूबर 2026 तक पूरी होने वाली इस परियोजना से किसानों की भूजल पर निर्भरता काफी हद तक कम होने की उम्मीद है, जिससे राज्य के डार्क जोन में आने वाले किसानों को बड़ी राहत मिलेगी.

बरनाला में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “इस परियोजना के तहत कल्याण राजवाहे के 60.66 किलोमीटर हिस्से को 34.51 करोड़ रुपये की कुल लागत से पक्का किया जाएगा और यह पूरी परियोजना अक्टूबर 2026 तक पूरी हो जाएगी.”

नहर की क्षमता 10 प्रतिशत बढ़ेगी

परियोजना के लाभों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “राजवाहे की कंक्रीट लाइनिंग से इसकी नहर पानी ले जाने की क्षमता 10 प्रतिशत तक बढ़ जाएगी. इस परियोजना के पूरा होने के बाद मौजूदा 150.40 क्यूसेक की क्षमता बढ़कर 170.61 क्यूसेक हो जाएगी.”

कृषि पर इसके रचनात्मक प्रभाव के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “इस नहर के पानी से बरनाला और मलेरकोटला जिलों के 42 गांवों के 50,819 एकड़ रकबे को लाभ मिलेगा. यह परियोजना डार्क जोन क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगी, क्योंकि भूजल स्तर काफी नीचे चले जाने के कारण महिल कलां ब्लॉक को डार्क जोन के रूप में वर्गीकृत किया गया है.”

भूजल पर निर्भरता कम होगी

परियोजना के दीर्घकालिक महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “कल्याण राजवाहे की कंक्रीट लाइनिंग से नहर के पानी की उपलब्धता में महत्वपूर्ण सुधार होगा और किसानों की भूजल पर निर्भरता कम होगी.”

इस वाटर कॉर्स की पृष्ठभूमि को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “मलेरकोटला से शुरू होने वाले कल्याण राजवाहे को 1980 के दशक के दौरान ईंटों से पक्का किया गया था. लेकिन पिछली सरकारों की उपेक्षा के कारण यह समय के साथ जर्जर हो गया और अपनी पूरी क्षमता के अनुसार काम करने में सक्षम नहीं रहा.”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “इसके परिणामस्वरूप किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त नहर का पानी नहीं मिल पा रहा था. यह नई परियोजना बेहतर सिंचाई सुविधाएं सुनिश्चित करेगी, जिससे कृषि उत्पादकता में सुधार के साथ-साथ फसलों की पैदावार भी बढ़ेगी. “

ये भी पढ़ें- SIS का बड़ा दांव! 120 करोड़ का Share Buyback, निवेशकों की चांदी? डिटेल में पढ़ें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button