Madhya Pradesh

MP Accident : नर्मदापुरम में दर्दनाक सड़क हादसा, शादी से लौट रहे 5 लोगों की मौत

MP Accident : मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। यह घटना माखननगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, महेंद्रवाड़ी और माखननगर के रहने वाले लोग बुधनी में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रविवार और सोमवार की दरमियानी रात लगभग 1 से 2 बजे के बीच नर्मदापुरम–पिपरिया स्टेट हाईवे पर आंचलखेड़ा गांव के पास उनकी टवेरा गाड़ी एक अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।

अफरा-तफरी के बाद मची चीख-पुकार

बताया जा रहा है कि क्रॉसिंग के दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर ट्रॉली से टकरा गया, जिससे जोरदार भिड़ंत हुई और टवेरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

घायलों का इलाज जारी

सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल नर्मदापुरम जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।

घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कम दृश्यता या चालक की लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और अस्पताल में देर रात तक परिजनों की भीड़ लगी रही।

ये भी पढ़ें- 12 मंजिला ऊंचाई पर दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, अहमदाबाद में तैयार हो रहा हाईस्पीड पुल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button