Bank Of India : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से बैंक सुरक्षा को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां बैंक ऑफ इंडिया की भरौल शाखा के लॉकर से ग्राहकों द्वारा गोल्ड लोन के लिए जमा कराए गए सोने के पैकेट गायब मिले हैं. बताया गया है कि लॉकर से कुल 96 गोल्ड पैकेट नहीं मिले हैं.
मामले को लेकर बैंक ऑफ इंडिया के आगरा क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक आदित्य प्रताप सिंह ने अरांव थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में तत्कालीन ब्रांच मैनेजर सहित तीन बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है.
संपर्क न होने पर दी गई सूचना
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अरांव थाना क्षेत्र की भरौल ब्रांच में लॉकर की मुख्य चाबी रखने वाले कर्मचारी दिलीप कुमार 27 मई से बिना किसी सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित थे. उनके नहीं आने से लॉकर से जुड़े काम प्रभावित हो रहे थे. जब बैंक अधिकारियों का उनसे संपर्क नहीं हो पाया तो मामले की जानकारी क्षेत्रीय कार्यालय को दी गई.
जांच में गायब मिले गोल्ड लोन के 96 पैकेट
इसके बाद 15 जून को बैंक की ओर से सुरक्षा अधिकारियों को भरौल शाखा भेजा गया. दूसरी चाबी की व्यवस्था करने के बाद वीडियोग्राफी के दौरान बैंक के पैनल अधिवक्ता की मौजूदगी में लॉकर खोला गया. जांच में सामने आया कि गोल्ड लोन से जुड़े 96 पैकेट गायब हैं.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









