Cab Booking Tip Rules : अगर आप Ola, Uber या किसी दूसरे ऐप से कैब बुक करते हैं, तो आपके लिए बड़ी खबर है. अब कैब बुकिंग पूरी होने से पहले स्क्रीन पर टिप देने या अतिरिक्त पैसे देकर राइड जल्दी कन्फर्म कराने जैसे विकल्प नहीं दिखाए जा सकेंगे. सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कैब एग्रीगेटर्स को अपने ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म से ऐसे सभी फीचर्स हटाने का निर्देश दिया है.
मंत्रालय ने 11 अगस्त को जारी एडवाइजरी में कहा कि कैब बुक करते समय यात्रियों को टिप देने के लिए प्रेरित करने वाले मैसेज या विकल्प नहीं दिखने चाहिए. इनमें “एडवांस टिप”, “चूज एन ऐड ऑन” और “इंप्रूव योर चांसेज ऑफ क्विकर राइड कंफर्मेशन” जैसे विकल्प शामिल हैं.
अगर किसी ऐप पर यह संकेत दिया जाता है कि ड्राइवर को टिप देने से राइड जल्दी मिलेगी या बुकिंग की संभावना बढ़ जाएगी, तो ऐसे फीचर को भी हटाना होगा.
एक्स्ट्रा पैसे देकर नहीं मिलेगी जल्दी राइड
सरकार ने साफ किया है कि ऐप का कोई भी फीचर ऐसा नहीं होना चाहिए, जिससे यात्री को लगे कि कैब फेयर के अलावा अतिरिक्त पैसे देने पर राइड जल्दी कन्फर्म होगी, ड्राइवर ट्रिप स्वीकार करने की ज्यादा संभावना रखेगा या बेहतर सर्विस मिलेगी.
सरकार का मानना है कि ऐसे विकल्प यात्रियों पर अतिरिक्त भुगतान का दबाव बना सकते हैं. इसलिए ऐप का इंटरफेस ऐसा होना चाहिए, जिससे यात्री बिना किसी दबाव के कैब बुक कर सके.
यात्रा पूरी होने के बाद ही दे सकेंगे टिप
मंत्रालय ने मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस, 2025 के क्लॉज 14.15 का हवाला दिया है. इसके मुताबिक यात्री यात्रा पूरी होने के बाद अपनी इच्छा से ड्राइवर को टिप दे सकता है. टिप पूरी तरह स्वैच्छिक होगी.
खास बात यह है कि यात्री की ओर से दी गई पूरी टिप राशि ड्राइवर को ही मिलनी चाहिए. एग्रीगेटर इसमें से कोई कटौती नहीं कर सकता. मंत्रालय ने एग्रीगेटर्स को अपने ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म की तत्काल समीक्षा करने और नियमों के खिलाफ मौजूद फीचर्स को बिना देरी हटाने या बदलने का निर्देश दिया है.
सरकार का यह कदम ऐसे समय आया है जब सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी (CCPA) भी बुकिंग से पहले टिप मांगने की व्यवस्था पर आपत्ति जता चुकी है.
ये भी पढ़ें – शिमला-बिलासपुर हाईवे पर कार पर गिरी भारी चट्टान, 1 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








