Delhi NCRमौसम

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला जारी, तेज हवाओं के साथ बरसे बादल

Delhi-NCR Weather : दिल्ली-एनसीआर में सोमवार दोपहर मौसम ने एक बार फिर करवट ली। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। पिछले चार-पांच दिनों से राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। सोमवार को हुई बारिश से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है।

गरज के साथ हुई बारिश, दिन में ही छाया अंधेरा

बारिश के दौरान कई इलाकों में तेज गरज सुनाई दी और आसमान में घने बादल छा गए। हालात ऐसे बने कि दिन के समय ही कई जगह अंधेरा नजर आने लगा। बारिश का असर यातायात पर भी पड़ा और हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। कम दृश्यता के कारण कई वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।

रविवार को भी राजधानी के कई हिस्सों में हुई थी बारिश

इससे पहले रविवार को भी दिल्ली और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने राजधानी क्षेत्र में अगले पांच दिनों के दौरान हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी लोगों को बारिश के दौर से राहत मिलने की संभावना कम है।

5 से 7 अगस्त तक हुई बारिश से कई इलाकों में भरा था पानी

दिल्ली और राजधानी से सटे शहरों में 5, 6 और 7 अगस्त को भी तेज बारिश देखने को मिली थी। लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई थी। सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।

14 और 15 अगस्त को भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 14 और 15 अगस्त को दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रहने का अनुमान है। 14 अगस्त को पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है, जबकि अगले दिन यानी 15 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं।

ये भी पढ़ें – जान की आफत बनी बारिश, उफनते नाले में समाई ईको कार, 11 लोग थे सवार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button