Ranchi Student Protest : रांची में छात्रों के विधानसभा घेराव के बाद पुलिस ने अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ केस दर्ज किया है. आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान बैरिकेडिंग तोड़ी गई, हंगामा हुआ और पुलिस पर हमला भी किया गया. अब पुलिस वीडियो फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान में जुट गई है.
रांची पुलिस ने JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के बयान के आधार पर विधानसभा थाने में मामला दर्ज किया है. पुलिस ने अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ कई बिंदुओं को लेकर केस दर्ज किया है. इसमें बैरिकेडिंग तोड़ने, हंगामा करने और पुलिस पर हमला करने जैसी बातें शामिल हैं.
पुलिस अब प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो फुटेज को खंगालेगी. इसी के आधार पर उन लोगों की पहचान करने की कोशिश की जाएगी, जिन पर प्रदर्शन के दौरान माहौल बिगाड़ने का आरोप है. छात्रों के बयान के आधार पर भी पुलिस अपनी जांच आगे बढ़ा रही है.
परीक्षा में धांधली को लेकर गुस्साए छात्र
झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. आंदोलन के 17वें दिन सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा घेराव के लिए रांची की सड़कों पर उतरे थे.
इससे पहले रविवार को राज्य सरकार और छात्रों के बीच तीसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा रही थी. इसके बाद अलग-अलग जिलों से पहुंचे हजारों छात्रों ने विधानसभा की ओर मार्च शुरू किया. इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच नोंकझोंक हुई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े. घटना में कुछ छात्र और पुलिसकर्मी घायल हुए.
14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग
पुलिस के अनुसार, मार्च में कुछ असामाजिक तत्व शामिल हो गए थे, जिन्होंने पुलिस पर पथराव किया और बैरिकेड तोड़ दिए. इसके बाद पुलिस ने दोबारा लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ा.
छात्र पिछले 20 दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरने पर बैठे हैं. उनकी मांग है कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द की जाए और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए.
ये भी पढ़ें – शिमला-बिलासपुर हाईवे पर कार पर गिरी भारी चट्टान, 1 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







