Zeeshan Siddique Threat : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता और विधायक जीशान सिद्दीकी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है. फरार गैंगस्टर जीशान अख्तर ने कथित तौर पर उनके पर्सनल नंबर पर धमकी भरा ऑडियो भेजा है. ऑडियो मिलने के बाद जीशान सिद्दीकी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती को इसकी जानकारी दी है.
जानकारी के मुताबिक, जीशान सिद्दीकी इस समय भारत में नहीं हैं. उनके पर्सनल नंबर पर धमकी भरा मैसेज पहुंचने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी. मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि मामले में आगे उचित कानूनी कदम उठाया जाएगा.
वहीं, मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है, लेकिन जीशान सिद्दीकी की ओर से अभी औपचारिक शिकायत नहीं मिली है. पुलिस नए ऑडियो मैसेज की पुष्टि करने की प्रक्रिया में जुटी है.
बहन ने पहले भी दर्ज कराई थी NC
इससे पहले एक कथित वायरल ऑडियो सामने आने के बाद जीशान सिद्दीकी की बहन ने बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने उस समय कहा था कि वायरल ऑडियो में एक व्यक्ति खुद को गैंगस्टर जीशान अख्तर बता रहा था और जीशान सिद्दीकी से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की बात कह रहा था.
पुलिस ने तब यह भी स्पष्ट किया था कि वायरल ऑडियो में जीशान सिद्दीकी को सीधे तौर पर धमकी मिलने की पुष्टि नहीं हुई थी.
अक्टूबर 2024 में भी मिली थी धमकी
जीशान सिद्दीकी को अक्टूबर 2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान भी धमकी मिली थी. उस समय उनके बांद्रा स्थित कार्यालय के व्हाट्सऐप नंबर पर जान से मारने की धमकी भेजी गई थी. मुंबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नोएडा से 20 वर्षीय गुफ्रान मकबूल को गिरफ्तार किया था.
इसके बाद अप्रैल 2025 में जीशान सिद्दीकी को लगातार तीन दिनों तक धमकी भरे ईमेल मिले थे. ईमेल में उनके पिता बाबा सिद्दीकी की तरह हत्या करने की धमकी देते हुए 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी. खुद को डी-कंपनी का सदस्य बताने वाले इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंटरपोल की मदद से त्रिनिदाद और टोबैगो से मोहम्मद दिलशाद मोहम्मद नौवेद को गिरफ्तार कर मुंबई लाया था.
ये भी पढ़ें – शिमला-बिलासपुर हाईवे पर कार पर गिरी भारी चट्टान, 1 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









