Other States

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, 5 की मौत, 10 घर और 20 दुकानें आग के हवाले

Manipur Violence : मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़कने से हालात तनावपूर्ण हो गए हैं. कामजोंग और उखरुल जिलों में हुई अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई. वहीं, चस्साद में 10 घरों और 20 दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया. हाल के दिनों में नागा और कुकी समुदायों के बीच तनाव बढ़ने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है.

कामजोंग जिले में शनिवार को संदिग्ध हथियारबंद लोगों की गोलीबारी में 23 वर्षीय माइकल न्गाममिनलेन हाओकिप की मौत हो गई. वहीं, उखरुल जिले में टीएम कासो के पास याओलेन के नजदीक घात लगाकर किए गए हमले में 40 वर्षीय संदीप राय की जान चली गई. उनकी गाड़ी पर गोलीबारी की गई थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

इससे पहले कुकी समुदाय की महिला डोमखोनी टौथांग की भी गोली लगने से मौत हो गई थी. शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे कामजोंग जिले के निंगचौउ गांव में मणिपुर-म्यांमार सीमा के पास दो नागा ग्रामीणों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतकों की पहचान 35 वर्षीय न्गाचान्सो निंगशेन और 48 वर्षीय लेशिशान लेशडांग के रूप में हुई है.

चस्साद में घरों और दुकानों में आगजनी

हिंसा के बीच चस्साद में 10 घरों और 20 दुकानों में आग लगाए जाने की जानकारी सामने आई है. जिला प्रशासन ने इलाके में निषेधाज्ञा लागू कर दी है. 9 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 लागू की गई. इसके तहत निर्धारित क्षेत्र में पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने, हथियार ले जाने और घरों से बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगाया गया है. ये पाबंदियां अगले आदेश तक लागू रहेंगी.

पूर्व मुख्यमंत्री ने जताई चिंता

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने घटनाओं पर चिंता जताई है, उन्होंने दावा किया कि राज्य में हिंसक घटनाओं में सात लोगों की मौत हुई है, उन्होंने निंगचौउ गांव में हमलों, माकुई-इंफाल-तामेंगलोंग रोड और चस्साद में हिंसा का भी जिक्र किया. इसके अलावा कामजोंग में पुलिस स्टेशन जलाए जाने की खबरों और कांगपोकपी जिले के माकुई अशांग गांव के दो नागा निवासियों के लापता होने की बात भी सामने आई है.

इधर, कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी ने शनिवार शाम छह बजे से कांगपोकपी जिले में 24 घंटे के बंद का आह्वान किया है.

ये भी पढ़ें- नंदीग्राम में BJP की ऐतिहासिक जीत, 1.22 लाख वोटों से हसीरानी रथ ने मारी बाजी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button