Kulgam Encounter : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में एक बार फिर आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है. जिले के जंगलपोरा इलाके में सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने आतंकियों को घेर लिया है. खास बात यह है कि मुठभेड़ वाली जगह हाल ही में हुए आतंकी हमले के स्थान से महज एक किलोमीटर की दूरी पर है. इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आतंकियों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मानव खुफिया जानकारी से संकेत मिले हैं कि लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का शीर्ष कमांडर लतीफ भट जंगलपोरा इलाके में मौजूद हो सकता है. आशंका है कि वह सुरक्षाबलों की घेराबंदी में फंसा हुआ है. कुलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से ही उसकी तलाश तेज कर दी गई थी. फिलहाल जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम मोर्चा संभाले हुए है.
16 नवंबर को भी हुई थी मुठभेड़
इससे पहले 16 नवंबर को कुलगाम में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई थी. इस कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया था, जबकि एक अन्य आतंकी के घेराबंदी में फंसे होने की खबर सामने आई थी. जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया था.
CRPF पर हमले के बाद बढ़ाई गई थी चौकसी
कुलगाम में हाल ही में CRPF की टीम को निशाना बनाकर हमला किया गया था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे. इस घटना के बाद से ही इलाके में आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया था.
वहीं, उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में भी हाल ही में संदिग्ध विस्फोटक मिलने की घटना सामने आई थी. दुर्हामा इलाके के एक बाग में पानी की पाइपलाइन बदलने के दौरान तीन जिंदा और जंग लगे हैंड ग्रेनेड मिले थे. बाद में बम निरोधक दस्ते ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए उन्हें नष्ट कर दिया था.
फिलहाल जंगलपोरा में जारी मुठभेड़ पर सभी की नजरें टिकी हैं. सुरक्षाबलों का अभियान जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार है.
ये भी पढ़ें- CM योगी ने पद्मश्री रमेश बाबा को दी श्रद्धांजलि, 12 यूनिट के फ्री डायलिसिस केंद्र का भी किया शुभारंभ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









