NEET UG 2026 Paper Leak : NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की चार्जशीट ने परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जांच एजेंसी का दावा है कि प्रश्नपत्र किसी प्रिंटिंग प्रेस से लीक नहीं हुआ, बल्कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के लिए काम कर रहे विषय विशेषज्ञों ने अपने अधिकृत एक्सेस का गलत इस्तेमाल कर प्रश्न बाहर पहुंचाए. इस मामले में दाखिल चार्जशीट पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट 10 अगस्त को संज्ञान लेगी.
सीबीआई के अनुसार, प्रश्नपत्र के गोपनीय अनुवाद, बैक-ट्रांसलेशन और प्रूफरीडिंग की प्रक्रिया के दौरान तीन विषय विशेषज्ञों ने अपने अधिकारों का दुरुपयोग किया. जांच में बॉटनी-ज़ूलॉजी की विशेषज्ञ मनीषा गुरुनाथ मंधारे, केमिस्ट्री के विशेषज्ञ प्रल्हाद विठ्ठलराव कुलकर्णी (पीवी कुलकर्णी) और फिजिक्स की विशेषज्ञ मनीषा संजय हवालदार के नाम सामने आए हैं.
उम्मीदवारों को मौखिक रूप से बताए गए सवाल
चार्जशीट के मुताबिक, अप्रैल 2026 में पुणे स्थित घरों पर गुप्त स्पेशल रिवीजन सेशन आयोजित किए गए. इन बैठकों में उम्मीदवारों को प्रश्न, चार विकल्प और सही उत्तर केवल मौखिक रूप से बताए गए. उम्मीदवारों ने इन्हें अपनी नोटबुक में हाथ से लिखा, ताकि कोई डिजिटल रिकॉर्ड तैयार न हो सके.
फिजिक्स के सवालों की तस्वीरें भेजी गईं
जांच में दावा किया गया है कि फिजिक्स के प्रश्न एपीएमए के लेक्चरर तेजस हर्षदकुमार शाह तक पहुंचाए गए. इसके बाद हस्तलिखित नोट्स की तस्वीरें खींचकर उन्हें लातूर स्थित रेणुकाई करियर सेंटर के निदेशक प्रोफेसर शिवराज मोटेगांवकर को भेजा गया. सीबीआई के अनुसार, इस दौरान ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए जाने के भी सबूत मिले हैं.
सीबीआई का दावा है कि लातूर के सिद्धिविनायक अस्पताल में उम्मीदवारों को परीक्षा से पहले पूरा प्रश्न बैंक याद कराया गया. इसके बाद लीक हुए प्रश्नों को पीडीएफ में बदलकर टेलीग्राम के जरिए आगे भेजा गया. जांच के मुताबिक, यह पीडीएफ आखिरकार जयपुर के मांगीलाल बिवाल उर्फ मांगीलाल खटीक तक पहुंची, जिसे 10 से 12 लाख रुपये में उपलब्ध कराया गया.
ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









