यमुना खतरे के निशान से 3 मीटर ऊपर, 3 वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद, अब पानी पीने को तरसेगी दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली यमुना के जल स्तर में लगातार बढ़ोतरी की वजह से राजधानी में रहने वाले लोग चारों तरफ से कई तरह की परेशानियों में घिर गए हैं। एक तरफ बारिश से दिल्ली के अधिकतर रिहायशी इलाके और सड़कें जल-मग्न हो गई हैं तो दूसरी तरह दिल्ली की तीन बड़े वाटर संयंत्रों के बंद होने से दिल्लीवालों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
हरियाणा के हथनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात हैं। गुरुवार शाम 6 बजे तक यमुना का जलस्तर 208.66 मीटर पर पहुंच गया। यह खतरे के निशान 205 मीटर से 3 मीटर ज्यादा है। यह लेवल स्टेबल बना हुआ है। यमुना वजीराबाद से ओखला तक 22 किमी में है। कई इलाके पानी में डूब गए हैं। 5 से 6 फीट तक पानी भर गया है। यमुना नदी के किनारे बसे निचले इलाकों से 16 हजार से ज्यादा लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। दिल्ली सरकार ने एडवाइजरी में कहा कि बाहरी राज्य के लोग दिल्ली में प्रवेश ना करें।
कई जलशोधन संयंत्र हुए बंद
यमुना का जलस्तर इस बार 45 साल पहले के सबसे अधिक स्तर को भी पार कर गया है। उपराज्यपाल की अध्यक्षता में बाढ़ की स्थिति को लेकर हुई दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा की गई और निर्णय लिया गया कि शहर में जल शोधन संयंत्रों के बंद होने से पानी की आपूर्ति को तर्कसंगत बनाया जाए। सचिवालय समेत दिल्ली में कई महत्वपूर्ण इलाकों में गुरुवार को पानी भर गया। प्रशासन बचाव एवं राहत प्रयासों को तेज करने की जुगत में लगे रहा। सचिवालय में मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्रियों के कार्यालय हैं।
प्रदेश के सीएम अरविंद केजरीवाल ने नागरिको से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा है कि यमुना नदी का पानी कम होते ही इसे जल्द से जल्द शुरू कर दिया जाएगा। केजरीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा है कि, “यमुना में बढ़ते जल स्तर की वजह से वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़े हैं। इस वजह से दिल्ली के बड़े हिससे में पानी की परेशानी उठ खड़ी हुई है. सीएम ने बताया है कि जैसे ही यमुना का पानी कम होगा, इन्हें जल्द से जल्द चालू करने की कोशिश करेंगे।
ये भी पढ़े: ‘मेरे नाम से हो रहा बहुत बड़ा फ्रॉड’, AAP सांसद संजय सिंह ने मुंबई पुलिस से की शिकायत