Bareilly Love Story : बिहार के बेगूसराय से बरेली तक पहुंची एक प्रेम कहानी अब शादी के बंधन में बदल गई है. बेगूसराय की रहने वाली सोनम खातून ने अपनी इच्छा से सनातन धर्म अपनाया और इसके बाद अपने प्रेमी संजीव के साथ सात फेरे लिए. बरेली के अगस्त्य मुनि आश्रम में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ उनकी ‘घर वापसी’ कराई गई. धर्म परिवर्तन के बाद सोनम ने अपना नाम सोनम देवी रखा है.
सोनम बेगूसराय के पचवीर गांव की रहने वाली हैं. उनके पिता अकबर वेल्डिंग का काम करते हैं और मां का नाम शहनाज खातून है. छह बहनों और एक भाई के परिवार में सोनम तीसरे नंबर पर हैं.
सोनम के मुताबिक, पिछले करीब पांच साल से उनकी हिंदू धर्म में आस्था थी. वह भगवान श्री राधा-कृष्ण को अपना आराध्य मानती थीं, उन्होंने कहा कि सनातन धर्म अपनाने का फैसला उन्होंने अपनी इच्छा से लिया और उन पर किसी तरह का दबाव नहीं था.
गुजरात में हुई थी पहली मुलाकात
सोनम और बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के बुझिया शुमाली गांव निवासी संजीव की पहली मुलाकात गुजरात में हुई थी. दोनों अलग-अलग कारखानों में काम करते थे और उनके कमरे आमने-सामने थे. इसी दौरान दोनों की पहचान हुई.
बातचीत आगे बढ़ी तो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम दोनों के बीच संपर्क का जरिया बना. धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई. सोनम के अनुसार, संजीव ने पहले अपने प्यार का इजहार किया और उन्होंने भी रिश्ते के लिए सहमति दे दी.
वैदिक रीति से विवाह
साथ जीवन बिताने का फैसला करने के बाद दोनों बरेली पहुंचे. अगस्त्य मुनि आश्रम में आचार्य केके शंखधार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सोनम की ‘घर वापसी’ कराई. इसके बाद उसी आश्रम में सोनम देवी और संजीव का विवाह रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ.
सोनम ने कहा कि वह अपने फैसले से खुश हैं और पति संजीव के साथ जिंदगी का नया अध्याय शुरू कर रही हैं.
ये भी पढ़ें- इस्लामाबाद में दर्दनाक हादसा, PIMS अस्पताल में लगी आग, 15 बच्चे जिंदा जले
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









