BiharDelhi NCRHaryanaMadhya PradeshPunjabUttar Pradeshमौसम

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में जारी रहेगा ठंड का कहर, 21 और 22 जनवरी को हो सकती है बारिश

Monsoon Update : दिल्ली-एनसीआर में ठंड का कहर जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक दिल्ली- एनसीआर में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 जनवरी को एक बार फिर दिल्ली में बारिश होने की संभावना है। बारिश की वजह से ठंड और अधिक बढ़ सकती है। ऐसे में कहा जा सकता है कि दिल्ली-एनसीआर के लोगों को ठंड से फिलहाल कोई राहत नहीं मिलने वाली है। इसके अलावा पूरे उत्तर भारत में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है।

यूपी में ठंडी हवाओं का प्रकोप

वहीं उत्तर प्रदेश में भी लोगों को ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक यूपी में हल्की बारिश, घना कोहरा और ठंडी हवाओं का असर रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 18 से 21 जनवरी तक उत्तर भारत के राज्यों में बादलों की आवाजाही और बारिश हो सकती है। लखनऊ स्थित अमौसी मौसम केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को यूपी में सबसे कम तापमान इटावा में 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बांदा में सबसे अधिक तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बिहार में ठंड से राहत नहीं

बिहार में भी ठंड का असर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। अधिकांश क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। 19 जनवरी तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में शीत दिवस (कोल्ड डे) जैसी स्थिति रहेगी। हालांकि, 26 जनवरी से मौसम में सुधार की संभावना जताई जा रही है।

एमपी के कई जिलों में अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम साफ होने की संभावना है, लेकिन अगले एक से दो दिनों तक कई जिलों में तापमान में बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग ने ग्वालियर, रीवा और उज्जैन संभाग के जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश और कोहरे की संभावना जताई है। शनिवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में घने से मध्यम कोहरे और शीतल दिन का अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें भोपाल, राजगढ़, रीवा, सतना, सागर, दतिया, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर कलां, छतरपुर, निवाड़ी, शाजापुर, आगर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, गुना और अशोकनगर शामिल हैं।

कई राज्यों में गिरा तापमान

दरअसल, शुक्रवार को उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश में कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रही और अधिकांश राज्यों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। राजस्थान के बीकानेर, जयपुर, कोटा और भरतपुर में घना कोहरा और ठंड का असर देखा गया। बर्फबारी के बाद कश्मीर में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। पंजाब और हरियाणा में भी कोल्ड डे की स्थिति रही। पंजाब में पठानकोट सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा में अंबाला का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

यह भी पढ़ें : राम जानकी मंदिर से चोरी हुई 30 करोड़ की मूर्ति का पुलिस ने किया खुलासा, पुजारी और सपा नेता समेत 4 गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button