Jharkhandराज्य

रांची में देवेंद्र महतो ने तोड़ा Water Fast, सोनम वांगचुक से लाइव बातचीत के बाद मानी उनकी अपील

JPSC Protest : झारखंड की राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ चल रहा छात्र आंदोलन अब नए मोड़ पर पहुंच गया है. आंदोलन के 12वें दिन जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो, जो कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं, ने सोनम वांगचुक से फोन पर बातचीत के बाद पानी ग्रहण कर लिया. इससे पहले उन्होंने शर्त रखी थी कि वे तभी अनशन तोड़ेंगे, जब सोनम वांगचुक खुद रांची आकर उनसे मिलेंगे.

फोन पर बातचीत के दौरान सोनम वांगचुक ने देवेंद्र महतो से अपनी सेहत का ध्यान रखने की अपील की, उन्होंने कहा कि अनशन का उद्देश्य खुद को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि सरकार का ध्यान मुद्दे की ओर आकर्षित करना है. वांगचुक ने महतो से शहद और पानी लेने का आग्रह किया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया.

रांची आने का दिया भरोसा

बातचीत के दौरान देवेंद्र महतो ने कहा कि वे सोनम वांगचुक का सम्मान करते हैं और चाहते हैं कि वे रांची आएं. इस पर वांगचुक ने आंदोलन के समर्थन में रांची आने का आश्वासन दिया, उन्होंने यह भी कहा कि यदि लंबे समय तक पानी और नमक नहीं लिया जाएगा तो शरीर साथ नहीं देगा, उन्होंने महात्मा गांधी के अनशन का उदाहरण देते हुए बताया कि वे भी पानी में नींबू मिलाकर लेते थे.

यह आंदोलन जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में किया जा रहा है. परीक्षार्थी पिछले कई दिनों से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी मांगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

कौन हैं देवेंद्र नाथ महतो?

आपको बता दें कि देवेंद्र नाथ महतो रांची के एक गांव के रहने वाले हैं, उन्होंने बुंडू से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची से उच्च शिक्षा हासिल की. वे संस्कृत, कुरमाली समेत जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाओं में परास्नातक हैं तथा हजारीबाग से बीएड भी कर चुके हैं.

वर्ष 2024 में वे तमाड़ विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार भी रहे थे. वर्ष 2015 से वे छात्र आंदोलनों से जुड़े हैं. छठी जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन के दौरान उनकी मां का निधन हो गया था. इस आंदोलन को कॉकरोच जनता पार्टी ने भी समर्थन देने की घोषणा की है.

ये भी पढ़ें- E-20 पेट्रोल पर केजरीवाल का हल्लाबोल, 100 समर्थकों के साथ PM आवास की ओर बढ़े, पुलिस ने रोका

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button