राष्ट्रीय

जय अनमोल अंबानी पर CBI की कार्रवाई, यूनियन बैंक को ₹228 करोड़ का नुकसान, फंड मिसयूज मामले की जांच शुरू

Anil Ambani : केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उद्योगपति अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अनिल अंबानी के खिलाफ कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. यह मामला यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को 228.06 करोड़ रुपये का चूना लगाने से संबंधित है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई बैंक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है.

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अनमोल अंबानी ने अपने समूह की एक कंपनी के माध्यम से बैंक से ऋण लिया था और बाद में ऋण चुकाने में विफल रहे, जिससे बैंक को बड़ा वित्तीय नुकसान हुआ. सीबीआई अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है, जिसमें फंड के उपयोग और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच शामिल होगी.

RHFL ने बैंक से ₹450 करोड़ की क्रेडिट ली

बैंक की शिकायत के अनुसार, RHFL ने मुंबई स्थित बैंक की SCF शाखा से अपनी व्यावसायिक जरूरतों के लिए ₹450 करोड़ की क्रेडिट लिमिट ली थी. क्रेडिट सुविधा प्रदान करते समय बैंक ने RHFL पर कई शर्तें रखीं, जिनमें वित्तीय अनुशासन बनाए रखना, समय पर किस्तों और ब्याज का भुगतान, अन्य शुल्कों का भुगतान, और सभी बिक्री आय को बैंक खाते के माध्यम से जमा करना शामिल था.

खाता 2019 में एनपीए घोषित

कंपनी समय पर किस्तों का भुगतान नहीं कर पाई, जिसके कारण यह खाता 30 सितंबर 2019 को एनपीए (Non-Performing Asset) घोषित कर दिया गया. बैंक की शिकायत पर, ग्रांट थॉर्नटन ने 1 अप्रैल 2016 से 30 जून 2019 तक की अवधि का फॉरेंसिक ऑडिट किया. जांच में पता चला कि उधार लिए गए फंड का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया. फंड को मूल व्यावसायिक उद्देश्य के बजाय अन्य कार्यों पर खर्च किया गया.

बैंक को ₹228 करोड़ का नुकसान

बैंक ने आरोप लगाया है कि कंपनी के पूर्व प्रमोटर और निदेशक ने खातों में हेरफेर कर फंड का धोखाधड़ीपूर्ण गलत इस्तेमाल किया, उन्होंने बैंक द्वारा दिए गए पैसे का दुरुपयोग किया और फंड को अन्य कार्यों में लगा दिया, जिससे बैंक को ₹228 करोड़ का नुकसान हुआ. सीबीआई ने अब इस मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें “सरकार का जुमला और लोकतंत्र पर हमला” कहते हुए पल्लवी पटेल ने SIR फॉर्म भरने से किया इनकार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button