Biharबड़ी ख़बर

बजट में बिहार को दिया गया खास तोहफा…एक क्लिक में जानें क्या-क्या मिला?

Budget 2025 : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार (1 फरवरी 2025) को केंद्रीय बजट पेश किया, जो न केवल अर्थव्यवस्था के लिए बल्कि बिहार के लिए भी खास महत्व रखता है। इस बजट के दौरान, सभी की निगाहें वित्त मंत्री की साड़ी पर टिकी थीं, जो बेहद खास थी। निर्मला सीतारमण ने जो ऑफ व्हाइट साड़ी पहनी, उस पर मधुबनी आर्ट उकेरा हुआ था, जो बिहार की सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करता है। इस साड़ी को पद्मश्री पुरस्कार विजेता दुलारी देवी ने उन्हें उपहार में दिया था, और यह साड़ी बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र की कला का सम्मान करती है। इस खास साड़ी को लाल ब्लाउज और ऑफ व्हाइट शॉल के साथ पहना गया, जो उस वक्त यह एहसास दिला रहा था कि बिहार, खासकर मिथिलांचल के लिए यह एक गर्व का पल है।

मधुबनी आर्ट की खूबसूरती

मधुबनी पेंटिंग, जिसे मिथिला पेंटिंग भी कहा जाता है, बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र की एक प्राचीन और खास कला शैली है। इसमें चटक रंगों और महीन रेखाओं से धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृश्यों को उकेरा जाता है। यह पेंटिंग शैली प्राकृतिक रंगों से बनाई जाती है, जैसे हल्दी से पीला, चावल के पाउडर से सफेद, और पलाश के फूल से नारंगी। इस कला के माध्यम से देवी-देवताओं, विवाह की रस्मों, और प्रकृति के सुंदर दृश्य को चित्रित किया जाता है। यह कला न केवल बिहार में, बल्कि दुनिया भर में प्रसिद्ध है।

बिहार को क्या क्या मिला उपहार

बिहार को काफी समय से विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग उठती रही है लेकिन उस मांग को केंद्र सरकार ने अबतक स्वीकृति तो नहीं दी है लेकिन इस बार के केंद्रीय बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिहार के लिए सात बड़ी घोषणाएं कीं।

मखाना बोर्ड की स्थापना – इससे मखाना की खेती से जुड़े किसानों एवं श्रमिकों की आमदनी में वृद्धि होगी। साथ ही प्रसंस्करण कंपनियों को भी काम एवं दाम का लाभ मिलेगा।

कोसी नहर परियोजना – पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी, जिससे मिथिलांचल को फायदा होगा।

पटना एयरपोर्ट का विस्तार – बिहटा में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण और पटना एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा।

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलाजी एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट – इससे बिहार के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा और कृषि क्षेत्र में रोजगार का सृजन होगा।

आईआईटी पटना का विस्तार – पटना स्थित आईआईटी का विस्तार। यहां छात्रावास समेत अन्य तरह की अवसंरचना का विकास होगा।

किसान क्रेडिट कार्ड लोन सीमा में वृद्धि – केसीसी की लोन सीमा में वृद्धि का फायदा बिहार के किसानों को भी मिलेगा। बिहार में अभी 40 लाख से अधिक किसानों के पास किसान क्रेडिट कार्ड है। 

बिहार और राजनीति: नीतीश कुमार का महत्व

बिहार, जिसे हमेशा से राजनीतिक रूप से अहम राज्य माना गया है, इस बार केंद्रीय बजट में खास तवज्जो पाया है। इस राज्य में नवंबर 2025 में चुनाव होने की संभावना है, और इसे ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने बिहार को बड़ी सौगातें दी हैं। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन की सरकार है, और उनके साथ भाजपा का गठबंधन चुनावी दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।

नीतीश कुमार की राजनीति की अहमियत को देखते हुए, भाजपा जानती है कि बिहार में अपना आधार मजबूत बनाए रखने के लिए उन्हें नीतीश कुमार का समर्थन चाहिए। बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से जदयू ने 2024 के चुनाव में 12 सीटें जीतीं, और इस समर्थन के साथ केंद्र में सरकार बनाई। ऐसे में भाजपा के लिए बिहार के लोगों और नीतीश कुमार को खुश करना जरूरी है।

इस बजट में बिहार को मिली सौगातें साफ संकेत देती हैं कि केंद्र सरकार 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की स्थिति को मजबूत करने के लिए तैयार है। दिल्ली के चुनाव के बाद बिहार चुनाव की तैयारियां भी शुरू हो जाएंगी, और इस बजट ने इस प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है।

यह भी पढ़ें : भारतीय महिला टीम ने जीता अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप, दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराया

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button