Bihar News : बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को EOU की अलग-अलग टीमों ने भागलपुर, मुंगेर, पटना और मुजफ्फरपुर में उनके पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. तलाशी के दौरान इंजीनियर के एक ठिकाने से नोटों की गड्डियां मिलने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, बरामदगी से जुड़ी पूरी जानकारी तलाशी अभियान पूरा होने के बाद सामने आएगी.
बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध प्रभाग के अनुसार, नारद कुमार दास के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 28/26 दर्ज किया गया है. मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है.
EOU के मुताबिक, विश्वसनीय सूचना के आधार पर की गई जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया है कि नारद कुमार दास ने अपनी ज्ञात और वैध आय के स्रोतों से 83,53,200 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की. यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक बताई गई है.
पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी
विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी अधिपत्र प्राप्त करने के बाद पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों को तलाशी के लिए भेजा गया. गुरुवार सुबह से पांचों स्थानों पर कार्रवाई शुरू की गई.
तलाशी भागलपुर के हनुमान पथ और तिलकामांझी स्थित आवास, मुंगेर के बेलन बाजार बंगाली टोला और थाना कासिम बाजार स्थित परिसर, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल के सरकारी कार्यालय, मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 2एफ और पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के कुसुमपुरम मोहल्ला स्थित आवास व अन्य ठिकानों पर की जा रही है.
ये भी पढ़ें- आबे मेमोरियल कॉरिडोर का उद्घाटन, CM योगी बोले- नई पीढ़ी के लिए बनेगा जीवंत क्लासरूम
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









