Bihar

जमुई वायरल वीडियो मामले में पुलिस सख्त, 120 सोशल मीडिया प्रोफाइल पर FIR

Bihar News : बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित अभद्र व्यवहार और छेड़खानी के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. घटना से जुड़े वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले लोगों के खिलाफ भी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक, साइबर थाना में करीब 120 सोशल मीडिया यूजर्स के प्रोफाइल को शामिल करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है. इन सभी अकाउंट की भूमिका की जांच की जा रही है कि वीडियो किस तरह सोशल मीडिया पर पहुंचा और किन-किन यूजर्स ने इसे शेयर या पोस्ट किया.

पीड़िता की पहचान उजागर करने वालों पर कार्रवाई

जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाना कानून के तहत गंभीर अपराध है, उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में वीडियो प्रसार से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है.

इस मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 45/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और वीडियो प्रसारित करने में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है.

पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस

एसपी विश्वजीत दयाल के अनुसार, पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले वीडियो को प्रसारित करने के मामले में पॉक्सो एक्ट की धारा 23, आईटी एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 74 के तहत कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस का कहना है कि नाबालिग पीड़ित की पहचान सार्वजनिक करना उसकी निजता और गरिमा के अधिकार का उल्लंघन है. लोगों से अपील की गई है कि वे मामले से जुड़े किसी भी वीडियो या तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर या फॉरवर्ड न करें.

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी

एसपी ने बताया कि मूल घटना में शामिल मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है. आरोपी को पकड़ने के लिए जांच और कार्रवाई जारी है.

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे वायरल वीडियो को डाउनलोड कर दोबारा पोस्ट, शेयर या फॉरवर्ड न करें. पुलिस के मुताबिक, ऐसी सामग्री को फैलाने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.

ये भी पढ़ें – पंजाब सरकार की पहल से 48 बच्चों ने पूरा किया 48 बच्चों ने पूरा किया कौशल प्रशिक्षण, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button