Punjab

विदेश दौरे से लौटे पंजाब विधानसभा स्पीकर संधवां, बोले- दुनिया में जहां भी पंजाबी, वहां साथ है पंजाब की भाषा, संस्कृति और विरासत

पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां अंतरराष्ट्रीय दौरों के बाद पंजाब लौटे, उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाला पंजाबी समुदाय पंजाब की भाषा, संस्कृति और विरासत को दुनिया तक पहुंचा रहा है. विभिन्न देशों के दौरों में निवेश, रोजगार, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और प्रवासी पंजाबियों की राज्य के विकास में भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई.

Punjab News : पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां अंतरराष्ट्रीय दौरों के बाद पंजाब लौट आए हैं. इन दौरों का उद्देश्य दुनिया के अलग-अलग देशों में बसे पंजाबियों के साथ संपर्क मजबूत करना और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को नई मजबूती देना रहा. स्वदेश लौटने के बाद संधवां ने कहा कि विदेशों में रहने वाला पंजाबी समुदाय पंजाब की भाषा, संस्कृति, विरासत और एकता के मूल्यों को दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचा रहा है.

अपने दौरे का जिक्र करते हुए स्पीकर संधवां ने साहिब श्री गुरु नानक देव जी के दर्शन को याद किया, उन्होंने उस प्रसंग का उल्लेख किया, जिसमें गुरु जी ने बुरे लोगों को एक जगह बसे रहने और अच्छे लोगों को उजड़ जाने की बात कही थी. संधवां के मुताबिक, गुरु जी ने भाई मरदाना जी को समझाया था कि बुरे लोग एक जगह रहेंगे तो उनके बुरे कर्म वहीं तक सीमित रहेंगे, जबकि अच्छे लोग जहां भी जाएंगे, अपने साथ नेकी, भलाई और सेवा की भावना लेकर जाएंगे.

कई देशों में पंजाबी समुदाय से संवाद

स्पीकर संधवां ने कहा कि इसी महान विचारधारा से प्रेरित होकर पंजाब के बेटे-बेटियां अपनी मेहनत, हुनर और जज्बे से दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पहचान बना रहे हैं, उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाला हर पंजाबी अपने साथ पंजाब की भाषा, संस्कृति और विरासत लेकर चलता है.

अंतरराष्ट्रीय दौरे के दौरान संधवां ने अलग-अलग देशों की संसदीय प्रणालियों और लोकतांत्रिक ढांचे को समझने के साथ-साथ प्रवासी पंजाबी और सिख समुदाय की जरूरतों, भावनाओं और चिंताओं को भी जाना.

बर्लिन में उन्होंने भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों और पंजाबी समुदाय के सदस्यों से मुलाकात की. कुआलालंपुर में सिख समुदाय के साथ पंजाब के भावनात्मक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई. पेनांग में उन्होंने मुख्यमंत्री चो कोन येओ और उपमुख्यमंत्री जगदीप सिंह देव से मुलाकात कर पंजाबी समुदाय के कल्याण और आपसी सहयोग पर विचार-विमर्श किया.

निवेश और रोजगार पर रहा जोर

दक्षिण अफ्रीका में संधवां ने 67वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में हिस्सा लिया. कनाडा और अन्य देशों में उन्होंने सामुदायिक कार्यक्रमों और उच्चस्तरीय बैठकों में भाग लिया.

इन दौरों के दौरान पंजाब में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने, औद्योगिक एवं व्यापारिक सहयोग को प्रोत्साहित करने, सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार करने और प्रवासी पंजाबियों की राज्य के विकास में भागीदारी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई.

संधवां ने कहा कि विदेशों में रहने वाला पंजाबी समुदाय पंजाब की विरासत और संस्कृति का अनमोल हिस्सा है, उन्होंने कहा कि विदेश दौरे से मिले अनुभवों और रणनीतिक संपर्कों का इस्तेमाल पंजाब के हित में किया जाएगा. उनके मुताबिक, प्रयासों का फोकस विदेशों में पंजाब की आवाज बुलंद करने, प्रवासी समुदाय के साथ संबंध मजबूत करने और देश के लिए बेहतरी एवं खुशहाली लाने पर रहेगा.

ये भी पढ़ें- आबे मेमोरियल कॉरिडोर का उद्घाटन, CM योगी बोले- नई पीढ़ी के लिए बनेगा जीवंत क्लासरूम

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button