Punjab

पंजाब की मंडियों में 8.50 लाख मीट्रिक टन धान की आवक, 7.50 लाख मीट्रिक टन की खरीद

पंजाब की अनाज मंडियों में अब तक 8.50 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है, जिसमें से 7.50 लाख मीट्रिक टन की खरीद पूरी हो गई है. राज्य में इस सीजन 180 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य है. किसानों को खरीदी गई फसल का भुगतान 24 घंटे के भीतर सीधे बैंक खातों में किया जा रहा है.

Punjab News : पंजाब की अनाज मंडियों में धान की आवक और खरीद का सिलसिला तेजी से आगे बढ़ रहा है. अब तक मंडियों में 8.50 लाख मीट्रिक टन धान पहुंच चुका है, जिसमें से विभिन्न सरकारी खरीद एजेंसियों ने 7.50 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद पूरी कर ली है. पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक ने जगरांव अनाज मंडी में खरीद प्रबंधों का जायजा लेते हुए यह जानकारी दी. इस दौरान जगरांव की विधायक सर्वजीत कौर माणूके भी मौजूद रहीं.

मंत्री लाल चंद कटारूचक ने बताया कि धान खरीद सीजन 2026-27 के दौरान राज्य में 180 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया है. किसानों से धान 2,461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है, उन्होंने बताया कि खरीद के लिए भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से 42,786.68 करोड़ रुपये की नकद ऋण सीमा जारी की जा चुकी है.

मंत्री के मुताबिक, किसानों को खरीदी गई फसल का भुगतान 24 घंटे के भीतर सीधे उनके बैंक खातों में किया जा रहा है. मंडियों में बारदाने की उपलब्धता भी सुनिश्चित कर दी गई है.

बाहरी राज्यों से धान नहीं आने देंगे

कटारूचक ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदेगी. साथ ही बाहरी राज्यों से पंजाब की मंडियों में धान लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी, उन्होंने अधिकारियों को परिवहन, भुगतान, बारदाने और लिफ्टिंग से जुड़ी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में सूखा और साफ धान लेकर आएं, ताकि फसल की तत्काल खरीद हो सके, उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता हैं और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए.

पराली प्रबंधन पर भी जोर

पराली प्रबंधन को लेकर मंत्री ने कहा कि पंजाब की हवा, पानी और धरती को प्रदूषण से बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, उन्होंने उम्मीद जताई कि किसान पराली नहीं जलाएंगे और राज्य सरकार के प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण में सफलता मिलेगी.

जगरांव अनाज मंडी में व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कटारूचक ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत वह अलग-अलग जिलों की मंडियों का दौरा कर रहे हैं और लुधियाना उनका 11वां जिला है. विधायक सर्वजीत कौर माणूके ने भी किसानों को मंडियों में किसी तरह की अनावश्यक परेशानी न होने देने पर जोर दिया और निर्धारित नमी मानकों के अनुसार सूखा व साफ धान लाने की अपील की.

ये भी पढ़ें- आबे मेमोरियल कॉरिडोर का उद्घाटन, CM योगी बोले- नई पीढ़ी के लिए बनेगा जीवंत क्लासरूम

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button