Punjab

ED-CBI रेड के विरोध में AAP का पंजाब में शक्ति प्रदर्शन, 4 शहरों में नेताओं ने किया विरोध प्रदर्शन

पंजाब के पटियाला, अमृतसर, लुधियाना और बरनाला में AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ED-CBI की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया. पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग और राजनीतिक दबाव बनाने का आरोप लगाया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि AAP आगामी पंजाब चुनाव से पहले इन कार्रवाइयों का डटकर मुकाबला करेगी और सरकार के काम को रोकने नहीं देगी.

AAP Protest : पंजाब में केंद्रीय जांच एजेंसियों ED और CBI के कथित दुरुपयोग को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने बुधवार को केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. पटियाला, अमृतसर, लुधियाना और बरनाला में AAP के मंत्रियों, विधायकों और नेताओं की अगुवाई में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर राजनीतिक दबाव बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल का आरोप लगाया.

AAP नेताओं का कहना है कि जहां गैर-भाजपा सरकारें हैं, वहां ED और CBI जैसी एजेंसियों के जरिए विपक्ष पर दबाव बनाने की कोशिश की जाती है, उन्होंने पश्चिम बंगाल और झारखंड का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि अब पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार को बदनाम करने और उसके काम में रुकावट डालने की कोशिश की जा रही है.

8 जगह रेड हुई, कुछ नहीं मिला

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला, उन्होंने आरोप लगाया कि मान सरकार को बदनाम करने के लिए CBI ने 8 जगहों पर रेड की, लेकिन कुछ नहीं मिला, उन्होंने हरियाणा में 650 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि वहां ED या CBI की कार्रवाई क्यों नहीं हुई.

अमृतसर में विधायक जीवनजोत कौर ने कहा कि ED-CBI की रेड के साथ भाजपा ने पंजाब में आने वाले चुनावों का बिगुल बजा दिया है, उन्होंने आरोप लगाया कि मान सरकार के विकास कार्यों से भाजपा को फायदा नहीं मिल रहा, इसलिए एजेंसियों के जरिए दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है.

लुधियाना में निकला रोष मार्च

लुधियाना में विधायक अशोक पराशर की अगुवाई में AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रोष मार्च निकाला और मोदी सरकार का पुतला फूंका. बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए. विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल ने भाजपा पर ED-CBI के कथित गलत इस्तेमाल और AAP सरकार को रोकने की कोशिश का आरोप लगाया.

डटकर मुकाबला करेंगे

वहीं, बरनाला में AAP सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि भाजपा के चुनावी तौर-तरीके का इतिहास सबके सामने है, उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही केंद्रीय एजेंसियों के जरिए कार्रवाई शुरू की जाती है. मीत हेयर ने कहा कि AAP को पहले से अंदेशा था कि पंजाब चुनाव से पहले ऐसा किया जाएगा और पार्टी इसका डटकर मुकाबला करने के लिए तैयार है.

उन्होंने कहा कि भाजपा के पास पंजाब में विकास के मुद्दे पर वोट मांगने का आधार नहीं है. AAP सरकार ने बिजली, नहर के पानी, अस्पताल, खेल मैदान और सड़कों के क्षेत्र में काम किया है. मीत हेयर ने दावा किया कि पंजाब के लोग किसी दबाव में नहीं आएंगे और आगामी चुनाव में भगवंत मान को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुके हैं.

ये भी पढ़ें- आबे मेमोरियल कॉरिडोर का उद्घाटन, CM योगी बोले- नई पीढ़ी के लिए बनेगा जीवंत क्लासरूम

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

 

Related Articles

Back to top button