Punjab

‘गैंगस्टरां ते वार’ का 260वां दिन: पंजाब पुलिस की 563 ठिकानों पर छापेमारी, 230 आरोपी गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 260वें दिन 563 ठिकानों पर छापेमारी कर 230 लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, अभियान के तहत अब तक 76,820 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं. वहीं, ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 585वें दिन 90 नशा तस्करों को पकड़ा गया और हेरोइन, अफीम, नशीली गोलियां समेत ड्रग मनी बरामद की गई.

Punjab News : पंजाब में गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 260वें दिन पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में एक साथ बड़ी कार्रवाई की. पुलिस टीमों ने गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 563 ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान एक हथियार के साथ 230 लोगों को गिरफ्तार किया गया.

पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई के बाद ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान शुरू होने से अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 76,820 हो गई है. अभियान के दौरान 226 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई भी की गई, जबकि 5 भगोड़े अपराधियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया.

अभियान की शुरुआत

पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान की शुरुआत पुलिस महानिदेशक पंजाब गौरव यादव ने 20 जनवरी 2026 को की थी. एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं.

लोग वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से सूचना दे सकते हैं. इस नंबर के जरिए अपराध और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी पुलिस तक पहुंचाई जा सकती है.

नशा तस्करों पर भी कार्रवाई

गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान के साथ पंजाब पुलिस की ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम भी जारी है. अभियान के 585वें दिन पुलिस ने 90 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया. इनके कब्जे से 340 ग्राम हेरोइन, 1.2 किलोग्राम अफीम, 398 नशीली गोलियां और 10.99 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई.

पुलिस के अनुसार, इस अभियान के पिछले 585 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या अब 83,049 हो गई है. पंजाब पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत 10 लोगों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार करवाने के लिए प्रेरित किया. पुलिस का कहना है कि अपराध और नशे के खिलाफ दोनों अभियान लगातार जारी हैं.

ये भी पढ़ें- आबे मेमोरियल कॉरिडोर का उद्घाटन, CM योगी बोले- नई पीढ़ी के लिए बनेगा जीवंत क्लासरूम

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button