Bihar

जमुई और समस्तीपुर के बाद बांका में छेड़खानी का वीडियो वायरल, FIR दर्ज

Banka Viral Video : बिहार के जमुई और समस्तीपुर के बाद अब बांका जिले से भी एक लड़की के साथ कथित छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का वीडियो सामने आया है. बांका के ऐतिहासिक मंदार पर्वत क्षेत्र का यह आपत्तिजनक वीडियो पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए बौंसी थाना पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और 6 से 7 अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस अब वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है.

जानकारी के अनुसार, पुलिस को यह वीडियो सोशल मीडिया सेल के माध्यम से व्हाट्सएप पर मिला था. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बौंसी थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मंदार पर्वत क्षेत्र में जाकर मामले का सत्यापन किया.

जांच में मंदार पर्वत का ही निकला वीडियो

पुलिस जांच में वीडियो की सत्यता की पुष्टि हुई है. जांच में सामने आया कि वीडियो मंदार पर्वत क्षेत्र का ही है. हालांकि, पुलिस के अनुसार यह वीडियो पुराना बताया जा रहा है और आशंका है कि घटना इसी साल अप्रैल महीने की हो सकती है.

आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

वायरल वीडियो में 6-7 युवक एक लड़की के साथ आपत्तिजनक हरकतें और अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, अभी तक वीडियो में मौजूद युवक और लड़की की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों से पूछताछ कर दोनों पक्षों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.

कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला

बौंसी थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा के लिखित बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75, 76, 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66E व 67A के तहत मामला दर्ज किया है.

पुलिस ने वायरल वीडियो को साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रख लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख़्वाह सीएम को उठा ले गई पुलिस, लाहौर में चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button