Punjabराज्य

पंजाब में 152 नई गौशालाओं को मुफ्त बिजली, कुल 518 गौशालाओं को मिलेगा लाभ

Punjab News : एक और जनहितैषी निर्णय लेते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य की सभी गौशालाओं के बिजली बिल माफ करने की मंजूरी दे दी है. इस निर्णय से 152 और गौशालाओं को मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा, जिससे पंजाब सरकार से मुफ्त बिजली प्राप्त करने वाली गौशालाओं की कुल संख्या बढ़कर 518 हो जाएगी.

एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “राज्य भर में बेसहारा पशुओं की समस्या से निपटने में गौशालाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. वर्तमान में 366 गौशालाओं को मुफ्त बिजली मिल रही है और अब 152 अन्य गौशालाओं को भी इस सुविधा के दायरे में लाया जाएगा. इन सभी गौशालाओं को पंजाब सरकार की ओर से मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी तथा उनसे बिजली आपूर्ति का एक भी पैसा नहीं लिया जाएगा.”

बेसहारा पशुओं की देखभाल

इन संस्थाओं को मजबूत बनाने के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “गौशालाओं का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करना समय की प्रमुख आवश्यकता है ताकि गोवंश की उचित देखभाल हो सके. मेरे दरवाजे इन गौशालाओं के लिए हमेशा खुले हैं, जो सड़कों पर भटकने वाले बेसहारा पशुओं की देखभाल कर मानवता की बड़ी सेवा कर रही हैं. प्रबंधकीय समितियां गौमाता की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित करने के लिए प्रशंसा की पात्र हैं और गौसेवा ही सबसे बड़ी पूजा है.”

गौशालाओं के कुशल प्रबंधन पर जोर

गौशाला प्रबंधन समितियों के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “विभिन्न गौशालाएं गोवंश की बेहतर देखभाल और संरक्षण कर रही हैं, जो अन्यथा सड़कों पर मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकते थे.”

मुख्यमंत्री ने दोहराया, “पंजाब सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और जनहितैषी फैसले लेने के लिए प्रतिबद्ध है. गौशालाओं के कुशल प्रबंधन तथा बेसहारा पशुओं की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए उन्हें आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना भी आवश्यक है. राज्य सरकार इस कार्य के लिए हरसंभव सहयोग और सहायता प्रदान करेगी.” इस अवसर पर मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, सचिव बिजली तथा सचिव पशुपालन भी उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें- अमृतसर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button