Uttarakhand

Uttarakhand: उत्तराखंड में 2 जून तक बारिश, ओलावृष्टि का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तराखण्ड में 2 जून तक बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक राज्य में जगह जगह बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के कारण सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रियों से मौसम पर नजर बनाए रखते हुए यात्रा करने की अपील की है।

उत्तराखंड में बुधवार सुबह से ही राज्य के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने उत्तराखण्ड में 2 जून तक बारिश, ओलावृष्टि और 60-70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक ही राज्य में जगह जगह बारिश हो रही है। केदारनाथ सहित चार धाम में भी रुक रुक कर बारिश और बर्फबारी हो रही है। केदारनाथ में मौसम की चुनौती के बीच यात्रियों की भारी भीड़ को संभालना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक कर मौसम साफ होने पर ही यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ने दिया जा रहा है।वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी यात्रियों से मौसम पर नजर बनाए रखते हुए यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है। इसलिए चारधम यात्री सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

राज्य में जगह जगह हो रही बारिश के बीच भूस्खलन ने चुनौती को और बढ़ा दिया है। पिथौरागढ़ में तवाघाट-लिपुलेख मोटर मार्ग लखनपुर के बास पहाड़ी दरकने के कारण बंद हो गया है। जिससे आदि कैलाश की यात्रा पर गए सैकड़ों श्रद्धालु धारचुला और गुंजी में फंस गए हैं। एक महीने में तीसरी बार ये मार्ग पहाड़ी दरकने के कारण बंद हुआ है। प्रशासन सड़क मार्ग को खोलने में जुटा है लेकिन अभी तक इसमें सफलता नहीं मिल पाई है। पहाड़ी दरकने से जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है लेकिन बारिश के दौरान दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। यही वजह है कि सीएम धामी ने तीर्थयात्रियों से मौसम पर नजर रखते हुए यात्रा करने की अपील की है।

ये भी पढ़ें: Uttarakhand: बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता होंगे बीजेपी में शामिल : महेंद्र भट्ट

Related Articles

Back to top button