
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा महिला मोर्चा के सुषमा स्वराज अवार्ड कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए 26 महिलाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विपक्ष के भ्रामक प्रचार के खिलाफ महिलाओं से मोर्चा लेने की अपील की।
देहरादून में भाजपा महानगर महिला मोर्चा ने सुषमा स्वराज अवॉर्ड कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल और टिहरी सांसद राज्यलक्ष्मी शाह के साथ ही भाजपा महिला मोर्चा की कई वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वाली 26 महिलाओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि जो सपना दिवंगत सुषमा स्वराज ने महिलाओं के लिए देखा था। आज केंद्र और राज्य सरकार महिला कल्याण के लिए उसी दिशा में काम करते हुए आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है ताकि विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस राज्य में महिलाओं को बराबरी के अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के हित में फैसले ले रही है। नकल माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए कठोर कानून लागू किया गया है। लेकिन कुछ लोग युवाओं को बरगलाने में लगे हैं। ऐसे में इस दुष्प्रचार के खिलाफ जनता को जागरूक करने के लिए महिलाओं को सहयोग करने की जरूरत है।
सीएम धामी ने कहा कि आने वाले बजट में भी महिला कल्याण के लिए व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं वो आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
ये भी पढ़ें:Uttarakhand: हवा हवाई साबित हुए वन विभाग के सारे इंतजाम, 75 से ज्यादा वनाग्नि की घटनाएं आईं सामने