Rajasthan

जयपुर में बवाल के बाद NEET PG परीक्षा रद्द, 5 सितंबर को री-एग्जाम, जानें क्या है पूरा मामला

NEET PG 2026 : मेडिकल पोस्टग्रेजुएट कोर्स में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली NEET PG 2026 परीक्षा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. जयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर तकनीकी गड़बड़ी और बिजली की समस्या के चलते हुए हंगामे के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई. नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन्स इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने मामले की जानकारी मिलते ही बैठक की और प्रभावित उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया.

NEET PG परीक्षा देशभर में कुल 1,111 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई. इस परीक्षा में 2.63 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए. परीक्षा सिंगल शिफ्ट में सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होनी थी. इसी दौरान जयपुर के सीतापुरा स्थित iON Digital Zone iDZ के दो सेंटर्स, TC नंबर 41682 और 41683, पर परेशानी खड़ी हो गई.

बिजली गई तो मचा बवाल

परीक्षा केंद्र पर अंदरूनी बिजली की खराबी के कारण एग्जाम तय समय पर पूरा नहीं हो सका. समय पर सेंटर पहुंचे उम्मीदवारों का आरोप था कि तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा शुरू होने में देरी हुई. इससे नाराज अभ्यर्थियों ने केंद्र पर हंगामा किया और परीक्षा अधिकारियों से स्थिति को लेकर जवाब मांगा.

मामले की सूचना मिलने के बाद अधिकारी सक्रिय हुए और NBEMS को जानकारी दी गई. बोर्ड ने टेक्नोलॉजी पार्टनर और परीक्षा केंद्र पर जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने वाली जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ आगे की कार्रवाई को लेकर तत्काल बैठक की.

5 सितंबर को दोबारा परीक्षा

NBEMS ने जयपुर में प्रभावित सभी उम्मीदवारों के लिए री-एग्जाम की तारीख घोषित कर दी है. अब इन उम्मीदवारों की परीक्षा 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे कराई जाएगी. परीक्षा का नया वेन्यू और नए एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी बाद में जारी की जाएगी.

बोर्ड ने उम्मीदवारों से अपील की है कि री-एग्जाम से जुड़ी किसी भी सूचना के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ही भरोसा करें.

ये भी पढ़ें- ‘Awarapan 2’ की सफलता के बीच इमरान हाशमी को स्वाइन फ्लू, आइसोलेशन की सलाह, बेंगलुरु शो कैंसिल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button