Amer News : आमेर में सोमवार 7 सितंबर को हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की इलाज के दौरान मौत हो गई. मनीष का जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार चल रहा था. हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. गाइड की मौत की खबर मिलते ही टूरिस्ट गाइड्स और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. विरोध में आमेर के बाजार बंद कर दिए गए और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए.
जानकारी के मुताबिक आमेर के मावठा सरोवर पर जीप चालक और टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मनीष पर चाकू से हमला कर दिया गया. चाकू उनके पेट में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद मनीष को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहीं टूरिस्ट गाइड और स्थानीय लोग लगातार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे. मनीष की मौत के बाद लोगों का गुस्सा और बढ़ गया.
बाजार बंद, सड़कों पर प्रदर्शन
मौत के विरोध में आमेर के बाजार बंद रहे. सैकड़ों की संख्या में लोग प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की. उनका कहना है कि पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण आमेर में ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं. प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी और डेयरी आवंटित करने की मांग की है. इसके अलावा हत्या के आरोपी के घर पर तत्काल बुलडोजर कार्रवाई और आरोपी का एनकाउंटर या फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए जल्द कार्रवाई की मांग उठाई गई है.
लोगों ने आमेर महल और आसपास अवैध रूप से वाहन चलाने वालों पर पूर्ण प्रतिबंध, आमेर थाने के पूरे स्टाफ को हटाने और एसएचओ व जांच अधिकारी को निलंबित करने की मांग भी रखी है. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पूर्व में दी गई शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई थी. इसके साथ ही पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा देने की मांग की गई है.
ये भी पढ़ें- 11 हजार छात्रों को बड़ा तोहफा, UPSC, SSC, Banking समेत इन प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री तैयारी कराएगी सरकार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









