Rajasthan

चूरू में भीषण सड़क हादसा, देवी दर्शन को जा रहे परिवार के 5 सदस्यों और कार चालक की मौत

Churu Road Accident : राजस्थान के चूरू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया. सादुलपुर क्षेत्र के ददरेवा में तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार एक ही परिवार के पांच सदस्यों और चालक की मौत हो गई. हादसे में सात महीने की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

जानकारी के मुताबिक, कार में सवार परिवार तारानगर के सोमसीसर गांव का रहने वाला था. परिवार गोगामेड़ी में देवी के दर्शन करने के लिए निकला था. रास्ते में ददरेवा के पास कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में बैठे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर चीख-पुकार मच गई.

स्थानीय लोगों ने पहुंचकर की मदद

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पीड़ितों की मदद में जुट गए. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. हादसे में घायल सात महीने की बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

परिवार के पांच सदस्यों और चालक की मौत

इस दुर्घटना में कुल छह लोगों की जान चली गई. मृतकों में परिवार के पांच सदस्य और कार का चालक शामिल है. पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को भी दे दी गई.

हादसे की खबर सोमसीसर गांव पहुंचते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया. एक साथ परिवार के पांच सदस्यों को खोने से गांव में शोक का माहौल है. शुरुआती जानकारी में कार की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है, हालांकि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- ‘ऑफिस-ऑफिस’ सीरियल की तरह न भटके आम आदमी, नागरिक संतुष्टि ही लोकसेवक का रिपोर्ट कार्ड- सीएम योगी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button