Ajmer Hotel Cash Recovery : राजस्थान के अजमेर जिले के पुष्कर में पुलिस ने एक होटल से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की है। चुनाव आचार संहिता के तहत की गई जांच के दौरान होटल स्पैरो के मालिक के कमरे से 1 करोड़ 8 लाख 79 हजार रुपये मिले। पुलिस ने नकदी को जब्त कर होटल मालिक बंकेश सेन को हिरासत में लिया है।
होटल के कमरे में मिली नोटों से भरी थैली
पुलिस के अनुसार, एसडीएम कार्यालय के सामने स्थित होटल स्पैरो में गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे जांच अभियान शुरू किया गया था। होटल में बेसमेंट समेत दो फ्लोर हैं, जहां कुल सात कमरे बने हुए हैं। तलाशी के दौरान पुलिस टीम होटल मालिक बंकेश सेन के कमरे तक पहुंची।
कमरे में बेड पर रखी एक थैली में बड़ी मात्रा में नकदी मिली। नोटों की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस ने गिनती के लिए बैंक कर्मचारियों को बुलाया। बैंककर्मियों की मौजूदगी में रकम की गिनती की गई, जिसमें कुल 1 करोड़ 8 लाख 79 हजार रुपये पाए गए।
जमीन सौदे से जुड़ी बताई रकम
पूछताछ में होटल मालिक बंकेश सेन ने पुलिस को बताया कि यह रकम पुष्कर के बाहर किसी जमीन के सौदे से जुड़ी है। हालांकि पुलिस अब इस दावे की जांच कर रही है और नकदी के वास्तविक स्रोत की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम किसकी है, इसे कहां ले जाया जाना था और इससे जुड़े दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं।
आयकर विभाग को दी गई सूचना
पुलिस ने बरामद रकम को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है और मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, नकदी के लेनदेन और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद रकम का नगर निकाय चुनाव, किसी प्रत्याशी या किसी राजनीतिक गतिविधि से कोई संबंध है या नहीं।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में मॉडल की हत्या का आरोपी इमरान का एनकाउंटर, पैर में लगी 3 गोलियां, मुस्कान की घर में घुसकर की थी हत्या
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









