Delhi NCRक्राइमराष्ट्रीय

दिल्ली में मॉडल की हत्या का आरोपी इमरान का एनकाउंटर, पैर में लगी 3 गोलियां, मुस्कान की घर में घुसकर की थी हत्या

दिल्ली के मुस्कान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। अब पुलिस हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Delhi Model Murder Case : दिल्ली के तिलक नगर स्थित ओल्ड महावीर नगर इलाके में 21 वर्षीय मॉडल मुस्कान की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पश्चिमी दिल्ली स्पेशल स्टाफ की टीम ने गुरुवार रात आरोपी को घेर लिया था। इस दौरान इमरान ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर पहुंचकर किया था हमला

पुलिस जांच के अनुसार, 26 वर्षीय इमरान बुधवार शाम मुस्कान के घर पहुंचा था। उस समय मुस्कान घर में अकेली थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मुस्कान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद आरोपी मुस्कान का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने जांच के दौरान उसका फोन बरामद कर लिया। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की गई।

CCTV और लोकेशन से मिला सुराग

हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की थीं। जांच में सामने आए CCTV फुटेज में इमरान को शाम करीब 5:40 बजे मुस्कान की बिल्डिंग में प्रवेश करते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। गुरुवार को CCTV और अन्य तकनीकी जांच की मदद से उसे राजौरी गार्डन इलाके में ट्रेस किया गया।

पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल

पुलिस ने बताया कि जब टीम ने इमरान को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, तो उसने कथित तौर पर पिस्तौल से गोलियां चला दीं। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस के अनुसार, आरोपी की फायरिंग के बाद टीम ने उसे काबू में लिया और हथियार बरामद करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जिम में हुई थी दोनों की मुलाकात

जांच में पता चला है कि मुस्कान दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग की छात्रा थी और अपने परिवार के साथ पश्चिमी दिल्ली में रहती थी। करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात इमरान से एक जिम में हुई थी, जहां वह ट्रेनर के तौर पर काम करता था।

पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी और हत्या की असली वजह क्या थी।

ये भी पढ़ें- दिल्ली में सनसनीखेज वारदात, घर में घुसकर 21 साल की मुस्कान की हत्या, जिम ट्रेनर ने चाकू से गोदा, आरोपी फरार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button