आत्मनिर्भर एवं समृद्ध भारत की कहानी का एक और नया अध्याय शुरू : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
Bhopal : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकसभा में ऑइल फील्ड्स (रेग्युलेशन एण्ड डेवलपमेंट) बिल 2024 के पारित होने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे भारत के ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बिल देश के तेल और गैस उद्योग को आधुनिक तकनीक, निवेश और नवाचार के लिए नया अवसर प्रदान करेगा, जिससे देश की ऊर्जा सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह बिल भारत की सतत विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि इस कानून से तेल और गैस क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा, संसाधनों के अधिकतम उपयोग की राह खुलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
ऊर्जा क्षेत्र में नई संभावनाओं का द्वार
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बिल ऊर्जा संसाधनों के प्रबंधन और विकास में पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कानून से तेल और गैस उत्पादन को बढ़ाने में मदद मिलेगी, जिससे आयात पर निर्भरता कम होगी और भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।
रोजगार और औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कानून के तहत तेल और गैस क्षेत्र में अधिक निवेश को आकर्षित करने के लिए नीतिगत सुधार किए गए हैं। इससे देश के युवाओं को नए रोजगार के अवसर मिलेंगे, स्टार्टअप्स को बढ़ावा मिलेगा और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक विधेयक के माध्यम से आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की कहानी का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस कानून के लागू होने से मध्यप्रदेश सहित पूरे देश में ऊर्जा क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन आएगा और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें : मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कैबिनेट ने 21 मार्च से बजट सत्र बुलाने की मंजूरी दी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप