मौसम

IMD का बड़ा अलर्ट, 19 राज्यों में भारी बारिश-आंधी का खतरा, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम

Weather Update : देशभर में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होती नजर आ रही हैं. हालांकि कई राज्यों में गर्मी और हीटवेव का असर अभी भी बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 28 जून के लिए 19 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. विभाग के मुताबिक कई क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.

इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 27 से 29 जून के बीच पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों में अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं 28 जून को असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भी बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है.

दिल्ली में बदलेगा मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. दोपहर से शाम के बीच तेज हवाएं चल सकती हैं और आंधी आने के आसार हैं. वहीं, अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक 29 और 30 जून को भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी चल सकती है.

उत्तर प्रदेश में हीटवेव का असर

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बस्ती, देवरिया और कुशीनगर समेत कई जिलों में गर्मी का असर बना रहेगा. फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि अगले तीन से चार दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं. 29 जून से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश होने कि संभावना हैं, जिससे तापमान में करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.

बिहार में मानसून होगा सक्रिय

वहीं, बिहार में मानसून धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 29 जून से 1 जुलाई के बीच राज्य के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. आज कटिहार, पूर्णिया और भागलपुर में भारी बारिश की संभावना है. वहीं पटना और गया में भी अगले दो दिनों तक बारिश होने के आसार बने हुए हैं.

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र TET पेपर लीक, रद्द हुई कल होने वाली परीक्षा, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button