Bihar

Manish Kashyap के बैंक खातों में 42 लाख फ्रीज, गिरफ्तारी वारंट जारी, जानिए पूरा मामला

यूट्यूबर मनीष कश्यप के खिलाफ सख्त एक्शन लिया गया है। बता दें कि बिहार आर्थिक अपराध इकाई ने मनीष कश्यप के खातों को फ्रीज कर दिया है। मनीष के खिलाफ गिरफ्तारी के वारंट भी जारी हो चुके हैं। मनीष कश्यप की गिरफ्तारी तय मानी जा रही है। बुधवार को ईओयू ने बताया कि आर्थिक अपराध थाना कांड सं-03/23 के प्राथमिकी अभियुक्त मनीष कश्यप (Manish Kashyap) और युवराज सिंह राजपूत के विरुद्ध गिरफ्तारी के लिए वारंट प्राप्त किया गया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। बता दें कि मनीष कश्यप को कभी भी गिरफ्तार किया जा सकता है।

बैंक खातों में 42 लाख फ्रीज

वारंट जारी होने के बाद मनीष कश्यप और युवराज सिंह राजपूत की गिरफ्तारी के लिए पटना से लेकर दिल्ली तक अन्य शहरों में छापेमारी जारी है। इस दोनों की तलाश में ईओयू की कई टीमें जुट गई हैं। मनीष कश्यप और उसके यूट्यूब चैनल सच तक से संबंधित 4 बैंक खातों से करीब 42 लाख 11 हजार रुपए फ्रीज किए गए हैं।

भ्रामक वीडियो पोस्ट करने का मामला

ईओयू ने कहा है कि बिहार के निवासियों के लिये असत्य, भ्रामक तथा उन्माद फैलाने वाले वीडियो को प्रसारित करने के प्रकरण में आर्थिक अपराध इकाई ने बड़ा एक्शन लिया है। आर्थिक अपराध इकाई थाना काण्ड सं0-03/2023 दिनांक-05.03.2023 धारा-153/153 (ए)/153 (बी)/505 (1) (बी)/505(1) (सी)/468/471/120 (बी) भा0द0वि0 एवं 67 आइ0टी0 एक्ट के प्राथमिकी अभियुक्त मनीष कश्यप उर्फ त्रिपुरारी कुमार तिवारी एवं युवराज सिंह राजपूत के विरुद्ध माननीय न्यायालय से गिरफ्तारी हेतु वारण्ट प्राप्त किया गया है। उपरोक्त दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु एक विशेष टीम का गठन किया गया है।

क्या करते हैं मनीष कश्यप

मनीष कश्यप समाचार संबंधित वीडियो बनाते हैं। उनके यूट्यूब चैनल का नाम सच तक न्यूज है। इस वक्त उनके चैनल पर करीब 60 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं। उनके एक वीडियो को लाखों करोड़ो लोग देखते हैं। बिहार की छोटी-बड़ी घटनाओं और समस्याओं पर निडर रिपोर्टिंग करने से मनीष कश्यप ने अपने करियर की शुरुआत की। धीरे-धीरे लोग मनीष की निडर रिपोर्टिंग के कायल होते गए और इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाला मनीष कश्यप बिहार की पत्रकारिता जगत का उभरता हुआ सितारा बन गया। मनीष कश्यप खुद को सन ऑफ बिहार कहता है।

मनीष कश्यप अपने काम की वजह से विवादों में भी रहता है।पुलिस रिकॉर्ड में मनीष कश्यप के खिलाफ कई आपराधिक मामलें भी दर्ज हुए। इसमें सरकारी काम में बाधा डालने के साथ-साथ पटना में कश्मीरी युवक के साथ पिटाई करने का मामला भी शामिल है। पटना में कश्मीरियों के साथ पिटाई के मामले में मनीष कश्यप को जेल भी जाना पड़ा था।

ये भी पढ़ें: Bihar Politics: लालू को मिली जमानत, BJP-RJD में हुई हाथापाई

Related Articles

Back to top button