
MP: मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने आज विधानसभा में बजट पेश किया है। यह शिवराज सरकार के चौथे कार्यकाल का अंतिम बजट है। बजट में महिलाओं, यूथ और किसानों पर स्पेशल फोकस किया गया है। खासकर महिलाओं के लिए शिवराज सरकार ने अपना खजाना खोल दिया है। महिलाओं के लिए अलग-अलग योजनाओं में 1.02 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान है।
स्टूडेंट्स को भी ध्यान में रखा गया है। फर्स्ट डिविजन से 12वीं पास करने वाली छात्राओं को ई-स्कूटी दी जाएगी। 1 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। जनता पर कोई नया कर नहीं लगाया गया है। प्रदेश में 15 साल पुरानी गाड़ियां अब नहीं चल सकेंगी। अप्रैल से नीति लागू हो जाएगी। मध्यप्रदेश के तीर्थ स्थानों पर हेलिकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी।
यह बजट (2023-2024) 3 लाख 14 हजार 25 करोड़ रुपए का है। पिछले साल (2022-23) में बजट 2 लाख 79 हजार 697 करोड़ रुपए का था। बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री 1 घंटा 50 मिनट बोले। खास बात यह है कि प्रदेश में पहली बार ई-बजट (पेपरलेस) बजट आया। विपक्ष के हंगामे के बीच वित्त मंत्री ने इसे टैबलेट पर पढ़ा। मंत्रियों और विधायकों को भी टैबलेट दिए गए थे।