रोहित शर्मा ने रचा कीर्तिमान, इंटरनेशनल क्रिकेट में जड़े सबसे तेज 550 छक्के

Share

रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 142 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 57 गेंद पर 5 चौकों और 6 छक्कों के साथ 81 रन कूट दिए। वनडे इंटरनेशनल की 162 पारियों में बतौर ओपनर रोहित शर्मा के नाम 28 शतक और 39 अर्धशतक हो गए हैं। रोहित शर्मा ने कंगारुओं के खिलाफ तीसरे वनडे में सिर्फ 31 गेंद पर अर्धशतक पूरा कर लिया।

इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 550 छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज

रोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 550 छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। साथ ही किसी एक देश में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड भी रोहित के नाम हो गया। रोहित भारत में 262 छक्के उड़ा चुके हैं। राजकोट वनडे में 353 का लक्ष्य चेज करने उतरे रोहित के सामने मिचेल स्टार्क ने पहले ओवर की दूसरी गेंद मिडिल स्टंप पर मार्जिनली शॉर्ट रखी।

रोहित शर्मा ने बैकफुट पर से ही मिडविकेट की दिशा में वन बाउंस चौका जड़ दिया। स्टार्क ने तीसरे ओवर की दूसरी गेंद ऑफ स्टंप पर फुलर लेंथ की डाली। रोहित ने इसे मिड ऑफ की दिशा में पुश भर कर दिया और बल्ले के इनर ब्लेड से लगकर गेंद सीमा रेखा पार 4 रन के लिए चली गई। ओवर की अगली गेंद ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ की थी। रोहित आगे निकल कर आए और क्रैकिंग लॉफ्टेड कवर ड्राइव खेल दिया।

रोहित का इरादा बल्ले को बिल्कुल भी रोकने का नहीं था। गेंद मिडिल ऑफ द बैट से लगी और 6 रन के लिए चली गई। जोस हेजलवुड ने चौथे ओवर की अंतिम गेंद फुल और मिडिल स्टंप पर रखी। गेंद का एंगल लेग स्टंप की तरफ था। रोहित ने गेंद की गति का इस्तेमाल किया और लॉन्गलेग फील्डर को बीट करते हुए चौका हासिल कर लिया। मिचेल स्टार्क ने पांचवें ओवर की अंतिम गेंद हिटमैन को फुल लेंथ आउटसाइड ऑफ डाली।

हिटमैन की पावर

 रोहित ने थ्रू द लाइन डीप कवर्स के ऊपर से प्योर टाइमिंग के बूते छक्का उड़ा दिया। शॉट ऑफ द मैच! परफेक्ट टाइमिंग बाय हिटमैन। जिस तरह रोहित फुलर लेंथ गेंद को सीमा रेखा पार भेज रहे थे, उसे देखते हुए हेजलवुड ने छठे ओवर की अंतिम गेंद ऑफ स्टंप पर शॉर्ट ऑफ लेंथ रखी। रोहित ने तुरंत गेंद की लेंथ को पहचान लिया और पुल शॉट खेलते हुए गेंद को सीमा रेखा पार 6 रन के लिए भेज दिया। हालांकि गेंद रोहित के बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगी थी, लेकिन हिटमैन की पावर की बदौलत सीमा रेखा पर चली गई। 7वें ओवर में कंगारू कप्तान पैट कमिंस का सामना पहली बार भारतीय कप्तान रोहित से हुआ।

रोहित का क्लासिक पुल शॉट पर छक्का

कमिंस ने सातवें ओवर की चौथी गेंद शॉर्ट ऑफ लेंथ डिलीवरी ऑन ऑफ स्टंप डाली। रोहित ने डीप स्क्वायर लेग की दिशा में क्लासिक पुल शॉट पर छक्का हासिल कर लिया। ओवर की अंतिम गेंद कमिंस ने धीमी गति के साथ ऑफ स्टंप पर लेंथ डिलीवरी रखी। रोहित को मानो मालूम था कि सामने से क्या आने वाला है। रोहित ने इंतजार किया और डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री के ऊपर से गेंद को छक्के के लिए लॉन्च कर दिया। पावरप्ले का आखिरी ओवर लेकर कैमरन ग्रीन आए। तीसरी गेंद मिडिल स्टंप पर शॉर्ट थी और रोहित शर्मा ने हुक शॉट खेला। टॉप एज विकेटकीपर के सर के ऊपर से थर्ड मैन की दिशा में चला गया।

रोहित ने बैकवर्ड स्क्वायर लेग की दिशा में आसानी के साथ स्वीप शॉट पर चौका हासिल कर लिया। ग्लेन मैक्सवेल के 21वें ओवर की चौथी गेंद पर रोहित आगे निकल कर आए और पिच ऑफ द बॉल तक पहुंचकर लॉन्गऑन के ऊपर से छक्का जड़ दिया। रोहित ने इस दौरान मैक्सवेल की गति के साथ बखूबी एडजस्ट किया। यह शॉट देखकर लग रहा था कि हिटमैन का शतक पक्का है। मैक्सवेल के 21वें ओवर की अंतिम गेंद टर्न करने के बाद अंदर की तरफ आ रही थी।

वर्ल्ड कप के पहले खौफनाक ट्रेलर

रोहित लेग साइड में लॉफ्टेड शॉट खेलना चाहते थे लेकिन गेंद की पिच तक नहीं पहुंच सके। इस वजह से उन्होंने सीधा मैक्सवेल के हाथ में गेंद को खेल दिया। अपने सिर के पास तेज गति से आती गेंद को मैक्सवेल ने शानदार तरीके से पकड़ लिया। हालांकि हिटमैन ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से वर्ल्ड कप के पहले खौफनाक ट्रेलर दिखा दिया। रोहित ने अपना काम बखूबी कर दिया, लेकिन मिडिल ऑर्डर उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा और भारत 66 रन से मैच हार गया।