Weather Update : भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 17 अगस्त को देश के कई हिस्सों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने नए कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण के कारण मॉनसून सक्रिय है. सोमवार को 15 से ज्यादा राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है. कई जगह तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र में बारिश हो सकती है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
ओडिशा में बाढ़ जैसे हालात
ओडिशा में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. पूरे राज्य को हाई अलर्ट पर रखा गया है. सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और छुट्टी पर गए कर्मचारियों को वापस काम पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं.
बालासोर, भद्रक, जाजपुर, मयूरभंज और क्योंझर में बारिश का अलर्ट है. इन जिलों में स्कूल-कॉलेजों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं. अब तक 2.37 लाख से ज्यादा लोगों को राहत शिविरों में भेजा जा चुका है.
बंगाल और यूपी-बिहार में भी बारिश
वहीं, पश्चिम बंगाल के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी है. कोलकाता समेत बांकुड़ा, झाड़ग्राम, हावड़ा, पश्चिम मेदिनीपुर, मालदा और अन्य इलाकों में बारिश की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत 25 जिलों में बारिश हो सकती है. गंगा नदी के उफान को देखते हुए वाराणसी के घाटों पर भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. बिहार में पटना, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर में बारिश का अनुमान है.
दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम
दिल्ली-NCR में सोमवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. दो दिनों से बारिश थमने के बाद उमस बढ़ी है. मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान जताया है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी है. दोनों राज्यों के कई जिलों में अलर्ट है. हिमाचल में 30 जून से 16 अगस्त के बीच बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 187 लोगों की मौत हो चुकी है.
ये भी पढ़ें- TMC के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की संदिग्ध मौत, पार्टी के कामकाज पर उठाए सवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








