राष्ट्रीय

अमेरिका-ईरान शांति समझौते से दुनिया को राहत, तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट

US-Iran Deal : अमेरिका और ईरान के बीच व्यापक शांति समझौते पर सहमति बनने के बाद वैश्विक ऊर्जा बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. इस समझौते के ऐलान के साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट पर लागू अमेरिकी नाकाबंदी हटाने और इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को दोबारा पूरी तरह खोलने की घोषणा की. इसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई.

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि ईरान के साथ समझौता पूरा हो चुका है और होर्मुज स्ट्रेट को अब बिना किसी रुकावट के खोला जा रहा है, उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिकी नौसेना की नाकाबंदी को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की मंजूरी दे दी गई है.

कई देशों को राहत मिलने की संभावना

ट्रंप के अनुसार, इस फैसले के बाद वैश्विक जहाजरानी और तेल आपूर्ति सामान्य रूप से संचालित हो सकेगी, जिससे कई देशों को राहत मिलने की उम्मीद है. समझौते की खबर सामने आते ही अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में बिकवाली बढ़ गई. सोमवार के शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स लगभग 4 प्रतिशत तक गिर गया, जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) में 4.6 प्रतिशत से ज्यादा की कमजोरी दर्ज की गई.

ब्रेंट क्रूड 83 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचा

गिरावट के बाद ब्रेंट क्रूड का भाव करीब 83 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि WTI क्रूड लगभग 80 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया. वहीं मुरबन क्रूड की कीमत भी करीब 83 डॉलर प्रति बैरल रही. विशेषज्ञों का कहना है कि तेल आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता कम होने से बाजार पर दबाव देखने को मिला.

मध्य पूर्व तनाव का ऊर्जा बाजार पर प्रभाव

उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद मध्य पूर्व में तनाव बढ़ गया था. इसके जवाब में ईरान ने कई कदम उठाए थे, जिनमें होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने का निर्णय भी शामिल था. इस समुद्री मार्ग के बंद होने से वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति प्रभावित हुई थी.

तनाव के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक 100 से 115 डॉलर प्रति बैरल के बीच बनी रहीं, जिसका असर कई देशों में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों पर भी पड़ा. अब शांति समझौते और होर्मुज स्ट्रेट के दोबारा खुलने से ऊर्जा बाजार में स्थिरता लौटने की उम्मीद जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें- नोएडा में वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर चोर गिरफ्तार, 11 बाइक समेत हथियार बरामद

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button