Madhya Pradesh

जन्माष्टमी से लौट रही महिलाओं को कंटेनर ने कुचला, मुरैना में 3 की दर्दनाक मौत

मध्य प्रदेश के मुरैना में जन्माष्टमी समारोह से लौट रही तीन महिलाओं की सड़क हादसे में मौत हो गई। NH-44 पर तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद गांव में शोक फैल गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है। मामले की जांच तकनीकी पहलुओं के आधार पर की जा रही है।

MP Road Accident : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में जन्माष्टमी का उत्सव खत्म होने के बाद एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। घिरोना हनुमान मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में शामिल होकर घर लौट रहीं तीन महिलाओं को नेशनल हाईवे-44 पर एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों महिलाओं की मौत हो गई।

अनियंत्रित कंटेनर ने मचाई तबाही

यह घटना शुक्रवार देर रात घिरोना हनुमान मंदिर के पास हुई। हरफूल का पुरा गांव के बड़ी संख्या में लोग मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद श्रद्धालु पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की ओर जा रहे कंटेनर ट्रक का चालक कथित रूप से नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे चल रही महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक हाईवे से उतरकर सड़क किनारे बनी दुकानों से जा टकराया, जिससे कई दुकानों को नुकसान पहुंचा।

मृतकों में सास-बहू भी शामिल

हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान हरफूल का पुरा गांव निवासी कमला कुशवाहा (50), कमला कुशवाहा (50) और पूनम कुशवाहा (28) के रूप में हुई है। इनमें से कमला और पूनम रिश्ते में सास-बहू थीं। प्रारंभिक जानकारी में तीनों की मौके पर मौत बताई गई थी, हालांकि बाद में सामने आया कि दो महिलाओं को अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने कंटेनर ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों के अनुसार हादसे की वजह जानने के लिए वाहन की तकनीकी जांच कराई जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि दुर्घटना किसी तकनीकी खराबी या अन्य कारणों से हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। गांव में अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।

ये भी पढ़ें- नेपाल बाढ़ के 11वें दिन मलबे से निकली 64 साल की महिला, सेना ने किया रेस्क्यू, 1300 से ज्यादा की मौत, 5 हजार लापता

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button