विदेश

नेपाल बाढ़ के 11वें दिन मलबे से निकली 64 साल की महिला, सेना ने किया रेस्क्यू, 1300 से ज्यादा की मौत, 5 हजार लापता

नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के बाद राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है। नुवाकोट में 11 दिन बाद मलबे में दबी 64 वर्षीय महिला को सुरक्षित निकाला गया। वहीं अपर त्रिशूली-1 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग से एक चीनी नागरिक को भी रेस्क्यू किया गया। अब तक हजारों लोगों को बचाया गया है, जबकि कई लोग अभी लापता हैं।

Nepal Floods : नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार चल रहा है। नुवाकोट जिले में रेस्क्यू टीम ने एक टूटे हुए मकान के मलबे से 64 वर्षीय महिला को जिंदा बाहर निकाला। महिला की पहचान चंद्रिका श्रेष्ठ के रूप में हुई है। बताया गया कि वह मलबे में दबने के बाद बेहोशी की हालत में मिली थीं। उन्हें एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए काठमांडू ले जाया जा रहा है।

सुरंग से चीनी नागरिक को निकाला गया

नेपाल सेना की रेस्क्यू टीम ने बाढ़ प्रभावित अपर त्रिशूली-1 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग से एक चीनी नागरिक को भी सुरक्षित बाहर निकाला है। वह भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ के बाद सुरंग के अंदर फंस गया था। इस अभियान में नेपाल सेना और दक्षिण कोरिया के आपदा विशेषज्ञों की संयुक्त टीम शामिल रही।

भारतीय नागरिकों का भी हुआ रेस्क्यू

त्रिशूली बाजार इलाके से 5 साल के बच्चे समेत तीन भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक अब तक 169 भारतीयों को बचाया जा चुका है, जबकि 275 भारतीयों के अब भी लापता होने की जानकारी है।

बाढ़ और भूस्खलन से भारी नुकसान

नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से अब तक करीब 1344 लोगों की मौत की खबर है। राहत एजेंसियों ने लगभग 12 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 32 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि हजारों लोगों के लापता होने की सूचना है।

नदी का बहाव सामान्य, खतरा टला

नेपाल के भट्टार इलाके में पहाड़ से मिट्टी और पत्थर गिरने के कारण कुछ समय के लिए नदी का रास्ता प्रभावित हुआ था। हालांकि बाद में नदी का बहाव सामान्य हो गया। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल कोई नया खतरा नहीं है। एहतियात के तौर पर 8 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था।

ये भी पढ़ें- सहारनपुर में 70 साल पुरानी मस्जिद पर चला बुलडोजर, सुबह-सुबह बड़ी कार्रवाई, मायावती बोलीं- सरकार एक्शन रुकवाए, इकरा हाउस अरेस्ट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button