Bihar News : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के फेसबुक पेज पर बीजेपी के खिलाफ गाली-गलौज और अभद्र टिप्पणी वाला वीडियो पोस्ट किए जाने का आरोप लगाते हुए बीजेपी नेता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है. प्रदेश बीजेपी के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने शनिवार को आवेदन देकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, कमलेश यादव और एक यू-ट्यूब चैनल से जुड़े संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
कोतवाली थानेदार अजय कुमार ने बताया कि आवेदन की जांच की जाएगी और इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी.
वीडियो में आपत्तिजनक भाषा का आरोप
दानिश इकबाल ने शिकायत में कहा कि वह वीरचंद पटेल पथ स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में सहयोगियों के साथ मीडिया संबंधी काम कर रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर राजद के आधिकारिक फेसबुक पेज पर पोस्ट किए गए एक वीडियो पर पड़ी.
बीजेपी नेता का आरोप है कि वीडियो में बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है. वीडियो में भाजपा कार्यकर्ताओं के मिलने पर जूते से मारने की बात कहे जाने का भी आरोप है.
वीडियो हटाने की मांग
दानिश इकबाल ने इसे वैमनस्य और विद्वेष फैलाने का प्रयास बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है, उन्होंने राजद के फेसबुक पेज और एक यू-ट्यूब चैनल से कथित आपत्तिजनक वीडियो हटाने की भी मांग की.
शिकायत के साथ उन्होंने सोशल मीडिया वीडियो का लिंक, स्क्रीनशॉट और एक पेन ड्राइव भी पुलिस को सौंपा है.
मुख्यमंत्री के खिलाफ टिप्पणी का भी दावा
बीजेपी की शिकायत के बाद अब नजरें पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं. बीजेपी की ओर से यह भी दावा किया गया है कि राजद के फेसबुक पेज से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ भी अभद्र टिप्पणी की गई है.
बीजेपी ने कहा है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की आपत्तिजनक बातों के प्रसार से कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है और यह लॉ एंड ऑर्डर के लिए चुनौती है.
ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









