Sugar Price Hike : लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में चीनी की उपलब्धता को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी होने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए अधिकारियों को जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
150.50 लाख कुंतल चीनी शामिल
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश की चीनी मिलों में कुल 179.38 लाख कुंतल चीनी का भंडार मौजूद है। इसमें सहकारी क्षेत्र की मिलों में 23.60 लाख कुंतल, निगम की मिलों में 5.28 लाख कुंतल और निजी चीनी मिलों में 150.50 लाख कुंतल चीनी शामिल है।
वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए
अधिकारियों ने जानकारी दी कि जून और जुलाई महीने के दौरान चीनी मिलों द्वारा करीब 235 लाख कुंतल चीनी की बिक्री की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजार में आपूर्ति बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। सीएम योगी ने जरूरत के अनुसार चीनी मिलों को 15 अक्टूबर से संचालन शुरू करने की तैयारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चीनी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए।
400 टन से ज्यादा चीनी रखने की अनुमति नहीं
मुख्यमंत्री ने स्टॉक सीमा को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी डीलर 30 दिनों से अधिक का चीनी स्टॉक नहीं रख सकता। वहीं, एक समय में किसी डीलर के पास 400 टन से ज्यादा चीनी रखने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा बड़े उपभोक्ता (बल्क कंज्यूमर्स) अधिकतम 15 दिनों की जरूरत के अनुसार ही चीनी का भंडारण कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चीनी की आपूर्ति, कीमतों और भंडारण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर चीनी उपलब्ध हो सके।
ये भी पढ़ें- त्योहारों से पहले महंगी हुई चीनी, आयात की नौबत क्यों आई? कांग्रेस के आरोपों पर सरकार का बड़ा जवाब, जानिए पूरी वजह
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









