Nandigram Express Viral Video : नंदीग्राम एक्सप्रेस के 1AC कोच में एक कपल द्वारा कराई गई खास सजावट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे ने कार्रवाई की है. ये मामला 6 जुलाई 2026 का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 11002 नंदीग्राम एक्सप्रेस में एक कपल ने अपने 1AC कोच के केबिन कूप को ‘सुहागरात’ की तरह सजाने के लिए अपनी ओर से एक प्राइवेट डेकोरेटर बुलाया था.
जब रेलवे ने AC कोच के केबिन की सजावट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते देखा, तो उसने तुरंत कार्रवाई की. रेलवे ने इस मामले में संबंधित स्टाफ के खिलाफ भी कदम उठाया और डेकोरेटर पर भी कार्रवाई की गई.
रेलवे ने अनधिकृत एंट्री को माना गंभीर चूक
रेलवे के अनुसार, जालना स्टेशन पर डेकोरेटर का ट्रेन में प्रवेश अनधिकृत था. रेलवे ने इसे गंभीर चूक मानते हुए संबंधित कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया है. साथ ही मामले की विस्तृत विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं.
रेलवे का कहना है कि जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
डेकोरेटर के खिलाफ भी दर्ज हुआ मामला
रेलवे ने डेकोरेटर के बिना टिकट यात्रा करने और अनधिकृत रूप से ट्रेन में प्रवेश करने को नियमों का उल्लंघन माना है. इसके तहत रेलवे एक्ट के प्रावधानों के अनुसार उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
रेलवे ने अपने X पोस्ट में संबंधित स्टाफ को सस्पेंड करने की जानकारी दी थी. हालांकि, सोशल मीडिया पर कई लोग इसे टिकट चेकर (TC) से जोड़कर देख रहे हैं.
सोशल मीडिया पर लोगों ने दी अलग-अलग प्रतिक्रिया
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने रेलवे की कार्रवाई को लेकर अपनी राय रखी. कुछ यूजर्स ने रेलवे के कदम को सही बताया, जबकि कुछ लोगों ने सवाल उठाए.
कई यूजर्स का कहना है कि सिर्फ डेकोरेटर और स्टाफ ही नहीं, बल्कि कपल पर भी कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं कुछ लोगों ने ट्रेन को सार्वजनिक संपत्ति बताते हुए इस तरह की सजावट को गलत बताया.
कुछ यूजर्स ने यह सवाल भी उठाया कि रेलवे अनधिकृत वेंडर्स के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई क्यों नहीं करता, जो अलग-अलग कोचों में जाकर सामान बेचते हैं.
अनुमति लेकर डेकोरेशन कराने पर नहीं होगी कार्रवाई
रेलवे नियमों के मुताबिक, अगर यात्री अनुमति लेकर नियमों का पालन करते हुए डेकोरेशन करवाते हैं तो उन पर कार्रवाई नहीं होती. वहीं सजावट करने वाले व्यक्ति के पास भी टिकट होना जरूरी है.
इस मामले में वीडियो पोस्ट करने वाले राहत रूम डेकोरेशन ने फिलहाल वीडियो हटा दिया है.
ये भी पढ़ें – दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और तेज हवाओं से मिली गर्मी से राहत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









